बिहार के गोपालगंज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। इसमें दो मंजिला मकान की छत पर Mahindra Scorpio Classic खड़ी दिखाई दे रही है। SUV को छत तक पहुंचाने के लिए क्रेन का सहारा लिया गया। वीडियो सामने आने के बाद उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी इस अनोखी पार्किंग पर प्रतिक्रिया दी।
गोपालगंज में एक परिवार ने अपनी Scorpio को घर की छत पर पार्क कर दिया। सामान्य तौर पर कार को जमीन या पार्किंग एरिया में खड़ा किया जाता है, लेकिन यहां तस्वीर कुछ अलग नजर आई। वायरल वीडियो में भारी-भरकम SUV मकान की ऊपरी छत पर खड़ी दिखाई देती है।
बताया जा रहा है कि यह वाहन मनोज यादव का है, जो काम के सिलसिले में इजराइल में रहते हैं। परिवार के अनुसार, उस समय घर पर SUV चलाने वाला कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसी वजह से कार को छत तक पहुंचाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।
आनंद महिंद्रा की भी नजर पड़ी
छत पर Scorpio खड़ी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद यह आनंद महिंद्रा तक भी पहुंच गया। उन्होंने इस अनोखे तरीके को मजाकिया अंदाज में ‘नेक्स्ट लेवल’ पार्किंग बताया।
हालांकि, आनंद महिंद्रा ने सिर्फ मजाक तक अपनी प्रतिक्रिया सीमित नहीं रखी। उन्होंने वाहन के भारी वजन को देखते हुए मकान की मजबूती को लेकर चिंता भी जताई। सवाल यह है कि क्या जिस छत पर SUV खड़ी की गई है, उसे इतने भारी वाहन का भार सहने के हिसाब से बनाया गया था।
उन्होंने लोगों को ऐसी पार्किंग की नकल अपने घर पर नहीं करने की सलाह दी, क्योंकि बिना तकनीकी जांच के किसी मकान की छत पर भारी वाहन रखना जोखिम भरा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने परिवार के अपनी गाड़ी के प्रति लगाव को मजेदार अंदाज में देखा, जबकि कई यूजर्स ने छत की क्षमता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
कुछ टिप्पणियों में इसे बिहार की जुगाड़ वाली सोच से जोड़कर देखा गया। वहीं, कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद अनोखी पार्किंग बताते हुए मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। हालांकि, चर्चा के बीच सुरक्षा से जुड़ा सवाल सबसे अहम बना हुआ है कि किसी भारी SUV को घर की छत पर रखने से पहले उसकी संरचनात्मक क्षमता की जांच जरूरी है।
