Saturday, May 30, 2026

गूगल ड्राइव के नए डॉक्यूमेंट स्कैनर में ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग की सुविधा दी गई है, जिससे यूज़र का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है.

Share

गूगल ने एंड्रॉयड यूज़र्स के लिए एक बड़ा अपडेट पेश किया है. गूगल ड्राइव का डॉक्यूमेंट स्कैनर पूरी तरह से नए रूप में आ गया है, और इस बार इसमें कुछ ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो इसे पहले से कहीं ज्यादा उपयोगी और तेज़ बनाते हैं. पिछले साल इस फीचर की बीटा टेस्टिंग शुरू हुई थी, जिसमें यूज़र्स को पुराने स्कैनर पर वापस जाने का विकल्प भी दिया गया था. हालांकि अब यह नया स्कैनर पूरी तरह से रोलआउट हो रहा है और बीटा वाला बीकर आइकन भी इंटरफेस से हटा दिया गया है.

मल्टी-पेज स्कैनिंग अब हुई आसान

नए स्कैनर में स्मार्ट बैच स्कैनिंग का फीचर दिया गया है. इसमें आपको हर पेज के लिए अलग-अलग फोटो नहीं खींचनी होती. बस कैमरा को पेज के ऊपर घुमाते रहिए और स्कैनर खुद-ब-खुद सारे पेज कैप्चर करता जाएगा.

यह अनुभव किसी वीडियो रिकॉर्डिंग जैसा है. स्कैन का प्रीव्यू तुरंत स्क्रीन के नीचे दिखाई देता है. अगर आप ऑटो स्कैनिंग रोकना चाहते हैं, तो पॉज़ बटन का इस्तेमाल करें. पहले से ली गई तस्वीरें जोड़ने के लिए सिस्टम फाइल पिकर भी बाईं तरफ उपलब्ध है.

धुंधले स्कैन की अब कोई चिंता नहीं

Auto-Best Frame फीचर की मदद से गूगल खुद तय करेगा कि कौन सा फ्रेम सबसे बेहतर क्वालिटी का है और वो उसे ऑटोमैटिकली सिलेक्ट कर लेगा. इसका मतलब अगर कोई फ्रेम धुंधला निकला, तो गूगल उसे बेस्ट क्वालिटी वाले फ्रेम से खुद बदल देगा.

इसके साथ ही Duplicate Detection फीचर भी है, जो पहले से स्कैन हो चुके पेजों को दोबारा कैप्चर होने से रोकता है. इससे समय की बचत होती है और डॉक्यूमेंट भी साफ-सुथरा रहता है.

ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग: प्राइवेसी और स्पीड दोनों

इस नए स्कैनर की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह से ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग पर काम करता है. इसका मतलब है कि आपका डेटा किसी सर्वर पर नहीं जाता, सब कुछ आपके फोन में ही प्रोसेस होता है.

इससे न सिर्फ स्कैनिंग की स्पीड बढ़ती है, बल्कि यूज़र की प्राइवेसी भी पूरी तरह सुरक्षित रहती है. इंटरनेट न होने पर भी यह स्कैनर बखूबी काम करता है. हालांकि, इस फीचर का लाभ उठाने के लिए आपके एंड्रॉइड डिवाइस में कम से कम 8 GB रैम होनी ज़रूरी है.

किन ऐप्स में मिलेगा यह फीचर?

यह नया डॉक्यूमेंट स्कैनर गूगल प्ले सर्विसेज़ द्वारा संचालित है, इसलिए यह सिर्फ गूगल ड्राइव तक सीमित नहीं है. Files by Google जैसी ऐप्स में भी यह स्कैनर उपलब्ध होगा. Material 3 Expressive डिज़ाइन की वजह से इसका इंटरफेस पहले से ज्यादा अटरैक्टिव और इस्तेमाल में आसान हो गया है. गूगल का यह कदम दिखाता है कि कंपनी अपने प्रोडक्टिविटी टूल्स को लगातार बेहतर बनाने में जुटी है.

Read more

Local News