सांसद पप्पू यादव कोसी नदी पर हाई डैम निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। नेपाल सरकार की सहमति के बाद उन्होंने भारत सरकार से इसे गंभीरता से लेने का आग्रह किया। जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार परियोजना की रिपोर्ट मार्च 2026 तक पूरी हो जाएगी। सांसद ने बाढ़ और कटाव की समस्या को संसद में उठाया और इसे उत्तर बिहार के लोगों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला कदम बताया।
पूर्णिया। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि कोसी नदी पर हाई डैम निर्माण को लेकर वे लगातार और अथक प्रयास कर रहे हैं। नेपाल सरकार से सैद्धांतिक सहमति प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार की पहल पर भारत सरकार को इसे गंभीरता से अमल में लाने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि केन्द्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने सूचित किया है कि परियोजना का सर्वेक्षण, अन्वेषण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का कार्य मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
यह जानकारी उन्हें जल शक्ति मंत्रालय की ओर से कैबिनेट मंत्री सी.आर. पाटिल और राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी द्वारा औपचारिक पत्र के माध्यम से दी गई है।
वलोकसभा के शून्यकाल में सांसद पप्पू यादव ने उत्तर बिहार में बाढ़ और कटाव की भीषण समस्या को पुरजोर तरीके से उठाया था और कोसी नदी पर हाई डैम निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया था।उन्होंने यह तर्क दिया था कि हर वर्ष कोसी की बाढ़ और कटाव लाखों लोगों के जीवन, फसल और जमीन को प्रभावित करती है, जिसे स्थायी समाधान के बिना रोका नहीं जा सकता।
सांसद पप्पू यादव ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह उत्तर बिहार के करोड़ों लोगों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला कदम होगा। मैं इस परियोजना को हर हाल में धरातल पर उतारने को प्रयासरत हूं। यह केवल विकास का सवाल नहीं, बल्कि इंसानों की जिंदगी बचाने का सवाल है।उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि अब जरूरत इस काम को तेज गति से आगे बढ़ाने की है, ताकि 2026 तक रिपोर्ट के बाद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके।


