Tuesday, August 4, 2026

कॉमनवेल्थ पदक विजेता सीमा कालीरामन का भिवानी में जोरदार अभिनंदन, कहा- युवाओं को खेलों से जुड़ना चाहिए.

Share

भिवानी: कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली सीमा कालीरामन का सोमवार को भिवानी में शानदार स्वागत किया गया। जिले के गांव दिनोद की बहू सीमा के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अपने स्वागत से भावुक हुईं सीमा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे शहर और देश की खुशी का विषय है।

सीमा ने कहा कि भिवानी को अब तक बॉक्सिंग की पहचान के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन उम्मीद है कि उनकी सफलता के बाद एथलेटिक्स और खासकर डिस्कस थ्रो के प्रति भी युवाओं में रुचि बढ़ेगी।

उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी खुशी तब होगी, जब कोई खिलाड़ी उनसे प्रेरणा लेकर डिस्कस थ्रो में अपना करियर बनाए और देश के लिए पदक जीते।

अपनी सफलता के पीछे परिवार के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए सीमा ने कहा कि परिवार के सहयोग और समर्थन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान परिवार ने उनकी जिम्मेदारियों को संभाला और हर कदम पर उनका साथ दिया।

सीमा के पति और कोच रविंद्र ने भी उनकी उपलब्धि को देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि महिला एथलेटिक्स में यह पदक भारतीय खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब उनका लक्ष्य आगामी एशियन गेम्स और लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तैयारी पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ पदक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता की दिशा में एक मजबूत कदम है और टीम आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत करेगी।

Read more

Local News