हाजीपुर, 29 नवंबर 2026: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान टेंट लगाने का काम करने वाले वैशाली के एक संचालक का करीब 8.40 लाख रुपये का भुगतान अब तक लंबित है। पटेढ़ी बेलसर प्रखंड में चुनावी व्यवस्थाओं के लिए टेंट लगाने वाले पांडेय टेंट हाउस के प्रोपराइटर पप्पू कुमार पांडेय का दावा है कि उन्हें तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कार्यादेश दिया था। काम पूरा करने और बिल जमा करने के बाद भी शेष रकम नहीं मिली है।
मामला इसलिए उलझ गया है क्योंकि प्रखंड कार्यालय से कार्यादेश और अग्रिम भुगतान मिलने की बात सामने आ रही है, जबकि जिला निर्वाचन कोषांग ने लिखित जवाब में कहा है कि उससे पांडेय टेंट हाउस से कोई काम नहीं कराया गया था।
कई चुनावी स्थलों पर की थी टेंट की व्यवस्था
पप्पू कुमार पांडेय के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें केंद्रीय पुलिस बलों के ठहरने के स्थान, वाहन पार्किंग, एसएसटी चेकपोस्ट, वाहन कोषांग, पिंक बूथ और विभिन्न मतदान केंद्रों पर टेंट लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उनका कहना है कि प्रखंड कार्यालय से मिले निर्देश के अनुसार सभी निर्धारित जगहों पर काम पूरा कराया गया।
इस काम के लिए उन्हें प्रखंड कार्यालय से एक लाख रुपये अग्रिम मिले थे। काम पूरा होने के बाद उन्होंने लगभग 9.40 लाख रुपये का बिल जमा किया। अग्रिम राशि घटाने के बाद करीब 8.40 लाख रुपये का भुगतान बाकी रह गया।
पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं मिला पैसा
टेंट संचालक का कहना है कि बिल जमा करने के बाद उन्होंने कई बार प्रखंड कार्यालय में भुगतान के लिए संपर्क किया, लेकिन शेष रकम जारी नहीं हुई। इसके बाद 13 जून 2026 को उन्होंने सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के जवाब में बताया गया कि उनके काम किए जाने की जानकारी मिली है और बकाया भुगतान के लिए मामले को जिला स्तर पर सत्यापन के लिए भेजा गया है। हालांकि, इस प्रक्रिया के बाद भी भुगतान नहीं हो सका।
जिला निर्वाचन कोषांग ने काम कराने से किया इनकार
नौ अक्टूबर को पप्पू कुमार पांडेय ने जिला निर्वाचन कोषांग में आवेदन देकर बकाया राशि दिलाने की मांग की। विभाग की ओर से मिले जवाब में कहा गया कि पांडेय टेंट हाउस से कोई कार्य नहीं कराया गया था। चुनाव के दौरान टेंट संबंधी व्यवस्था जिला स्तर पर निविदा के जरिए चयनित एजेंसी से कराई गई थी।
इस जवाब के बाद संचालक ने सवाल उठाया है कि जब प्रखंड कार्यालय ने उन्हें कार्यादेश दिया और अग्रिम भुगतान भी किया, तो अब जिला निर्वाचन कोषांग काम कराने से इनकार क्यों कर रहा है।
दूसरे वेंडर को भुगतान की सूचना मिलने का दावा
पप्पू कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें मौखिक रूप से जानकारी मिली है कि उनके द्वारा किए गए टेंट संबंधी काम का भुगतान जिला स्तर पर चयनित किसी दूसरे वेंडर को कर दिया गया है। हालांकि, इस संबंध में उन्हें अब तक कोई लिखित सूचना नहीं मिली है।
उनका कहना है कि कार्यादेश और एक लाख रुपये के अग्रिम भुगतान से जुड़े दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की है। कार्यादेश जारी करने वाले तत्कालीन बीडीओ का भी तबादला हो चुका है।
वर्तमान बीडीओ ने कही समीक्षा की बात
मामले पर पटेढ़ी बेलसर की बीडीओ प्रिया कुमारी ने कहा कि यह प्रकरण अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
