Sunday, May 17, 2026

कमरे में गड्ढा… इंडियन ऑयल की पाइपलाइन तक सुरंग, हाईटेक तरीके से कच्चे तेल की चोरी का ऐसे खुला राज

Share

कमरे में गड्ढा… इंडियन ऑयल की पाइपलाइन तक सुरंग, हाईटेक तरीके से कच्चे तेल की चोरी का ऐसे खुला राज………………………

राजस्थान में क्रूड ऑयल की चोरी के लिए चोरों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे. तेल चोरी के लिए चोरों द्वारा सबसे पहले एक खेत को लीज पर लिया गया..

इसके बाद उस पर बाउंड्री बनाई गई और उस खेत में एक कोने पर दो कमरों का निर्माण किया गया. फिर एक कमरे से चोरों ने तेल पाइपलाइन तक सुरंग बना दी और पाइपलाइन में ही एक वाल्व लगा दिया. जिसके जरिए सुरंग के माध्यम से तेल को चोरी करना शुरू कर दिया. तेल चोरी की बात तब पता चली, जब पाइपलाइन में तेल का प्रेशर कम हुआ.
पानीपत जा रही पाइपलाइन से तेल चोरी
हाईटेक तरीके से कच्चे तेल की चोरी राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ में इंडियन ऑयल (IOCL) की गुजरात से हरियाणा के पानीपत जा रही तेल पाइपलाइन से हो रही थी. क्रूड ऑयल चोरी की भनक 26 दिसंबर को उस समय लगी, जब पाइपलाइन में तेल की सप्लाई का प्रेशर कम होने पर काफी दूर तक मशीन के जरिए जांच की गई. इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की टीम की जांच के दौरान शाहजहांपुर के नेशनल हाईवे 48 पर टोल प्लाजा के पास कच्चे तेल की चोरी का पता चला.

6 जनवरी को केस दर्ज किया

इसके बाद शिकायत पर पुलिस ने 6 जनवरी को केस दर्ज किया और मामले की जानकारी एसओजी को दी. जांच में पता चला कि शाहजहांपुर निवासी कैलाश चंद के बाउंड्री वॉल वाले खेत को कई दिन पहले किराए पर लेकर माफियाओं ने चोरी की योजना बनाई थी. गुजरात से हरियाणा के पानीपत तक जाने वाली क्रूड ऑयल पाइपलाइन में सुरंग खोद कर ऑयल निकाला जा रहा था. एसओजी की टीम को मौके से चोरी में इस्तेमाल किए गए वॉल्व और खाली ड्रम मिले.
किराए पर खेत लेकर बनाया था कमरा
जयपुर एसओजी के डीएसपी शिव कुमार भारद्वाज ने बताया कि चोरों ने तेल चोरी के लिए कई तरह से हाईटेक प्लान बनाया था. पहले खेत को 15000 रुपये महीने की दर से किराए पर लेकर उस पर बाउंड्री खड़ी कर दी. इसके बाद एक कोने पर दो कमरे बनाए और एक कमरे से गुजरात से हरियाणा के पानीपत जा रही तेल पाइपलाइन तक 100 मीटर लंबी, 8 फीट गहरी और 4 फीट चौड़ी सुरंग बना दी, तेल पाइपलाइन में ही वाल्व सेट कर दिया. ताकि जब चाहे तब तेल की सप्लाई सुरंग में कर सके.

ये कैमरे उन्होंने मोबाइल

चोरों ने इसके साथ ही खेत में 4-5 सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे, जिनसे वे दूर से भी अपनी गतिविधियों पर नजर रख सकते थे. ये कैमरे उन्होंने मोबाइल या अन्य उपकरणों से ऑनलाइन कनेक्ट किए हुए थे. ग्रामीणों के द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई कि यहां पर टैंकरों की आवाजाही होती थी, लेकिन कभी किसी को शक नहीं हुआ.
क्रूड ऑयल स्टॉक करने मिला गोदाम
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक अधिकारी ने बताया कि हमें सांगानेर जयपुर से रेवाड़ी तक की लाइन पर मशीन के जरिए चेक किया गया तो शाहजहांपुर के पास लोकेशन आई तो मौके पर पहुंच कर चेक किया गया तो वहां पर लंबी सुरंग मकान के अंदर पाई गई, जिसमें से तेल निकालने के लिए काफी ड्रम और पाइप मौके पर मिले. जांच के दौरान नीमराना के जनकसिंहपुरा के पास आज बुधवार को क्रूड ऑयल स्टॉक करने का गोदाम मिला है. गोदाम में करीबन 50 हजार लीटर क्रूड तेल होने का अनुमान है. इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये के लगभग आंकी गई है. एरिया को सील कर दिया गया है.

Read more

Local News