एक ट्रक के धक्के से बिजली का तार टूटने से हुए शॉर्ट सर्किट से कदमकुआं के अर्पणा कॉम्प्लेक्स स्थित दाऊजी मिष्ठान भंडार समेत छह दुकानें जल कर राख हो गयीं. इसमें एक स्टाफ की दम घुटने से मौत हो गयी.
पटना : एक ट्रक के धक्के से बिजली का तार टूटने से हुए शॉर्ट सर्किट से कदमकुआं थाने के अर्पणा कॉम्प्लेक्स में शनिवार की देर रात करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गयी, जिसमें दाऊजी मिष्ठान भंडार समेत छह दुकानें जल कर राख हो गयीं. दाऊजी मिष्ठान भंडार सुरेंद्र मित्तल की है. करीब पांच घंटे तक इस अगलगी में 50 लाख का नुकसान हुआ है. सूचना मिलने के बाद फायरकर्मी माैके पर पहुंचे और मित्तल के तीन स्टाफ काे 52 मीटर ऊंची हाइड्राेलिक प्लेटफॉर्म की मदद से बचाया. आग बुझाने के दौरान मिठाई दुकान के स्टाफ 22 वर्षीय मनीष कुमार की दम घुटने से मौत हो गयी. वह यूपी के हाथरस का था और पांच माह पहले ही यहां आया था. कदमकुआं थानेदार राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिवार को सूचना दे दी गयी है. मित्तल ने बताया कि 25-30 लाख का नुकसान हुआ. कदमकुआं थानेदार राजीव कुमार ने बताया कि चालक फरार हाे गया है. ट्रक काे जब्त कर लिया गया है.
ट्रक के धक्के से बिजली का तार टूटा, हुआ शॉर्ट सर्किट
एक प्लाइ लदे ओवरलोड ट्रक रात को रास्ते से गुजर रहा था. अपर्णा मार्केट के पीछे गाेदाम है. उसी गाेदाम में ओवरलाेेेडेड बड़ा ट्रक सामान लेकर आया था. बिजली का तार सटने के बाद फंस गया और खींचाता चला गया. इससे शाॅर्ट सर्किट हाेने से आग लग गयी. थाेड़ी देर में ही आग धधकने लगी. इस मार्केट के ग्राउंड फ्लाेर पर दाऊजी मिष्ठान भंडार के अलावा प्रतीक कुमार की खिलाैने की दुकान फंजू ट्वाॅय, श्याम का श्री श्याम स्टूडियाे, दीपनारायण की साेफा- बेडिंग की दुकान और मिक्सिंग की दुकान है, जबकि श्रीनविास की घड़ी की दुकान है. प्रथम तल्ले पर बैंक है. बैंक काे भी खासी क्षति हुई है. आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि छत का सीमेंट झड़ कर नीचे गिर गया. सीढ़ी से लेकर पूरा भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हाे गया. इन छह दुकानाें में एक भी सामान नहीं बचा. एफएसएल की टीम काे बुलाया गया. जिला अग्नि पदाधिकारी मनाेज नट ने बताया कि पूरे ऑपरेशन में करीब ढाई लाख लीटर पानी खर्च हुआ. मनीष की माैत दम घुटने से हुई है. तीन स्टाफ काे बचा लिया गया. 52 मीटर के हाइड्राेलिक प्लेटफाॅर्म से ऊपर से पानी की बाैछार से आग बुझ पायी.
तीन स्टाफ निकल गये, एक बुझाने लगा आग
दाऊजी मिष्ठान भंडार के मालिक सुरेंद्र मित्तल जगतनारायण राेड में रहते हैं. उन्होंने बताया कि मुझे बैंक के स्टाफ ने फाेन कर बताया कि दुकान में आग लग गयी है. दुकान के पास ही गाेदाम है, जहां चार स्टाफ साेये हुए थे. आग लगने की बाद सभी स्टाफ जग गये और आग बुझाने लगे. आग धधक रही थी. तीन स्टाफ आग बुझा रहे थे. मनीष छत पर चला गया. गेट में ताला लगा हुआ था. नीचे आग धधक रही थी. दम घुटने से उसकी जान चली गयी.


