लॉर्ड्स: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का फाइनल खेला जा रहा है. इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया. कंगारू टीम पहले दिन पहली पारी में 56.4 ओवर में 212 रनों पर ऑलआउट हो गई.आज दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका 57.1 ओवर में 138 रनों पर ढेर हो गई. ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में अब तक 17 ओवर में 2 विकेट खोकर 43 रन बना लिए हैं.
पैट कमिंस ने 6 विकेट लेकर रचा इतिहास
इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पैट कमिंस ने गेंद के साथ धमाल मचाया और 18.1 ओवर में 6 मेडन ओवर के साथ 28 रन देकर 6 विकेट हासिल किया. कमिंस ने 6 विकेट लेने के साथ की कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं. उन्होंने इस मैच में अफ्रीका की कर तोड़ दी और टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खेलते हुए अपने 300 टेस्ट विकेट हासिल किए.
कमिंस ने इस भारतीय दिग्गज को छोड़ा पीछे
पैट कमिंस ने एक गेंदबाज के रूप में टेस्ट क्रिकेट में 14वीं बार फाइव विकेट हॉल हासिल किया है. बतौर कप्तान ये उनका 9वां फाइव विकेट हॉल है. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी को पीछे छोड़ दिया है और रिची बेनाउड की बराबरी कर ली है. अब दोनों ही 9-9 बार बतौर कप्तान फाइव विकेट हॉल हासिल कर चुके हैं.
पैट कमिंस के नाम दर्ज हुए ये बड़े रिकॉर्ड्स
- पैट कमिंस विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में 6 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं.
- पैट कमिंस टेस्ट क्रिकेट में 17 साल बाद लॉर्ड्स में 5 विकेट लेने वाले पहले कप्तान बन गए हैं.
- पैट कमिंस कप्तान के तौर पर लॉर्ड्स में सबसे बेहतरीन स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
- पैट कमिंस ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे कर लिए हैं.
- पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया के लिए 300 विकेट लेने वाले 8वें गेंदबाज बन गए हैं.
- पैट कमिंस बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा फाइव विकेट हॉल लेने वाले दूसरे संयुक्त गेंदबाज बन गए हैं.
कप्तान के तौर पर टेस्ट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल
- 12 – इमरान ख़ान
- 9 – रिची बेनाउड
- 9 – पैट कमिंस
- 8 – बिशन सिंह बेदी
- 7 – कोर्टनी वॉल्श
- 7 – जेसन होल्डर
इस मैच में पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की ओर से ब्यू वेबस्टर ने सर्वाधिक 72 रनों की पारी खेली. उनके अलावा स्टीव स्मिथ ने 66 रनों का योगदान दिया. अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने 5 और मार्को जानसेन ने 3 विकेट हासिल किए थे. इस मैच के दूसरे दिन अफ्रीका के लिए कप्तान टेम्बा बावुमा ने 36 और डेविड बेडिंगम ने सर्वाधिक 45 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने 6 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट हासिल किए.


