रांची: गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए रांची पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान 2.0 के तहत बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 111 मोबाइल फोन मंगलवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
मोबाइल वितरण के लिए नवीन पुलिस केंद्र, रांची में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लाभुकों ने मोबाइल बरामद करने के लिए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
तकनीकी माध्यमों से हुई मोबाइल की तलाश
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की बरामदगी में Mobile Recovery Cell, CEIR Portal, Technical Cell और संबंधित थानों की टीमों ने मिलकर काम किया। तकनीकी जांच के जरिए बरामद मोबाइलों के इस्तेमाल करने वाले लोगों की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से फोन बरामद किए गए।
अभियान के दौरान कुल 111 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन पुलिस के हाथ लगे। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन्हें उनके संबंधित मालिकों को वापस कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में रांची के पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा Mobile Recovery Cell, तकनीकी शाखा और संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रांची पुलिस के इस अभियान से उन लोगों को राहत मिली, जिन्होंने अपने मोबाइल गुम होने या चोरी होने के बाद उनकी बरामदगी की उम्मीद छोड़ दी थी।
