पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को 100 करोड़ रुपये के मानहानि मामले में मद्रास हाई कोर्ट से नोटिस मिला है। अदालत ने सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जी. संपत कुमार की ओर से दायर तीन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए धोनी को अपना जवाब दाखिल करने के लिए 9 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया है। इसी दिन मामले की अगली सुनवाई भी होगी।
यह विवाद वर्ष 2014 में धोनी की ओर से दायर मानहानि याचिका से जुड़ा है। उस समय उन्होंने कथित आपत्तिजनक बयानों को लेकर संपत कुमार और अन्य के खिलाफ 100 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की थी। मामला वर्ष 2013 के आईपीएल सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग विवाद से संबंधित है।
2013 के आईपीएल विवाद से जुड़ा है मामला
बताया गया है कि एक निजी टेलीविजन बहस के दौरान जी. संपत कुमार ने आईपीएल सट्टेबाजी विवाद में धोनी का नाम जोड़े जाने से संबंधित आरोप लगाए थे। इसके बाद धोनी ने अदालत का रुख किया और कथित मानहानिकारक टिप्पणियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
अब इस मामले में धोनी के बयान दर्ज किए जाने की प्रक्रिया को लेकर नया विवाद सामने आया है। हाई कोर्ट ने पहले अधिवक्ता जी. जयश्री को धोनी का साक्ष्य रिकॉर्ड करने के लिए कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया था। इसी प्रक्रिया से जुड़े कुछ मुद्दों को लेकर संपत कुमार ने नई याचिकाएं दायर की हैं।
संपत कुमार ने रखीं ये मांगें
संपत कुमार की याचिकाओं में धोनी के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की निगरानी के लिए न्यायिक अधिकारी नियुक्त करने की मांग की गई है। इसके अलावा उन्होंने बयान और संबंधित कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की बात कही है।
याचिकाकर्ता पक्ष की ओर से वीडियो की बिना संपादन वाली प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है। साथ ही यह आग्रह किया गया है कि धोनी का बयान किसी निजी परिसर या पांच सितारा होटल में दर्ज न हो। इसके बजाय अदालत परिसर अथवा किसी सरकारी भवन में बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया गया है।
सीडी की ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद के लिए 10 लाख रुपये जमा करने का आदेश
मामले में पेश किए गए सीडी दस्तावेजों की ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद से जुड़ा मुद्दा भी पहले अदालत के सामने आ चुका है। फरवरी 2026 में मद्रास हाई कोर्ट ने संबंधित कार्यवाही की लागत के तौर पर धोनी को 10 लाख रुपये जमा करने का निर्देश दिया था।
अदालत ने उस समय दस्तावेजों की ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद की प्रक्रिया को समय लेने वाला काम बताया था।
9 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई
अब संपत कुमार की ओर से दायर तीन याचिकाओं पर धोनी का जवाब मिलने के बाद हाई कोर्ट आगे की प्रक्रिया पर विचार करेगा। फिलहाल अदालत ने जवाब दाखिल करने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर 2026 तय की है। इसी दिन मामले की अगली सुनवाई भी प्रस्तावित है।
