उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के बाद उधर से आ रही ठंडी हवाओं का असर झारखंड में दिखने लगा है. ठंडी हवा के असर से कनकनी बढ़ गई है. तापमान में गिरावट आ गई है. आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है. रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि झारखंड में 2-3 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना है, जिसकी वजह से कनकनी और बढ़ेगी. झारखंड को अभी कोहरे से भी राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रहा है.
उत्तर भारत में बर्फबारी का झारखंड के मौसम पर असर
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर भारत में लगातार हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवा का असर झारखंड पर पड़ रहा है. मौसम वैज्ञानिक ने अगले 24 घंटे में रांची सहित राज्य के पलामू, रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, हजारीबाग जिले में दो से तीन डिग्री सेल्सियस पारा गिरने की संभावना जतायी है.
4 दिन बाद न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक ने कहा है कि अगले 4 दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. फरवरी के पहले हफ्ते से ठंड का असर लगभग समाप्त हो जाने की उम्मीद है. इधर, बुधवार को सुबह में कोहरा छाया रहा. सुबह में कोहरे और बादल की वजह से कनकनी का अहसास होता रहा. बुधवार को झारखंड में सबसे कम तापमान हजारीबाग में रिकॉर्ड किया गया. यहां का न्यूनतम पारा 7.7 डिग्री सेंटीग्रेड रहा.
रांची, जमशेदपुर, डाल्टेनगंज का तापमान घटा
झारखंड के अन्य जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सयिस से ऊपर रहा. बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेंटीग्रेड से घटकर 10.4 डिग्री सेंटीग्रेड और जमशेदपुर का न्यूनतम पारा 13.5 डिग्री से घटकर 12.6 डिग्री और डाल्टेनगंज का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री से घटकर 12 डिग्री सेंटीग्रेड रह गया. पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान सराकेला में 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.
कोहरे का असर : पुणे-रांची विमान रायपुर डायवर्ट
इससे पहले, मंगलवार को कोहरे का असर रांची में देखा गया. कोहरे की वजह से विमान सेवाएं प्रभावित हुईं. सुबह 10:15 बजे तक एक भी फ्लाइट एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी. इंडिगो की पुणे-रांची फ्लाइट (6ई6484) सुबह 8:25 बजे रांची आयी, लेकिन एयरपोर्ट के 2 चक्कर लगाने के बाद उसे रायपुर डायवर्ट कर दिया गया. इस फ्लाइट को दोपहर बाद रद्द कर दिया गया. 10 से अधिक विमान विलंब से आये, जिसकी वजह से यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा.



