धनबाद: प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन की बचत, प्रदूषण नियंत्रण और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों के व्यवहार में भी दिखने लगा है. धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए टोटो का इस्तेमाल कर लोगों को खास संदेश दिया है.
विधायक राज सिन्हा अपने आवासीय कार्यालय से इलेक्ट्रिक रिक्शा (टोटो) पर सवार होकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचे. वहां से वे बरमसिया स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए. आमतौर पर चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ नजर आने वाले विधायक को टोटो में सफर करते देख राहगीरों और समर्थकों में उत्सुकता देखी गई. लोगों ने इस पहल को अलग और सकारात्मक कदम बताया.
लोगों से इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल की अपील
मीडिया से बातचीत में राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि उसे व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी, प्रदूषण घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे खुद उदाहरण प्रस्तुत करें.
अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें: विधायक
उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें और जहां संभव हो, ई-वाहनों को अपनाएं. विधायक ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े परिवर्तन की नींव रखी जाती है. उनके यह अनोखा अंदाज अब धनबाद में चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने युवाओं से विशेष अपील की है. विधायक ने कहा कि युवा वर्ग बाइक का अनावश्यक रूप से इस्तेमाल ना करें. जरूरी पड़ने पर ही युवा बाइक का इस्तेमाल करें.


