Monday, September 14, 2026

हिंदी दिवस पर सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा में निबंध प्रतियोगिता.

Share

रामगढ़: हिंदी दिवस के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर, रजरप्पा में विद्यार्थियों के लिए अखिल भारतीय निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कक्षा चतुर्थ से द्वादश तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मकता, विचार क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना था।

विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद ने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के सम्मान और इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने की अपील की। प्राचार्य ने कहा कि निबंध लेखन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

चार वर्गों में हुई प्रतियोगिता

प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की आयु और कक्षा के आधार पर चार वर्गों में बांटा गया था। सभी वर्गों के लिए अलग-अलग विषय और निर्धारित शब्द सीमा तय की गई थी।

  • शिशु वर्ग: मेरे विद्यालय की दैनिक वंदना
  • बाल वर्ग: पंच परिवर्तन—पर्यावरण के संदर्भ में
  • किशोर वर्ग: वंदे मातरम् के 150 वर्ष
  • तरुण वर्ग: नागरिक कर्तव्य: हमारा धर्म

विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। आयोजन के दौरान बच्चों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली।

प्रांतीय और अखिल भारतीय स्तर पर होगा चयन

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले निबंधों का चयन पहले प्रांतीय स्तर के लिए किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रविष्टियों को अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट निबंधों का चयन होने पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्कृति संस्थान की ओर से प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय की आचार्या डॉ. गायत्री कुमारी सहित मिथिलेश कुमार खन्ना, राकेश कुमार सहाय, बच्चूलाल तिवारी, सेखर कुमार, इंद्रजीत सिंह, गौतम कुमार, ममता कुमारी, श्वेता पंडा, चितरंजन लाल खन्ना, देव कुमार और दिलीप कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Read more

Local News