Saturday, July 18, 2026

हजारीबाग में बन रहा अत्याधुनिक हाई सिक्योरिटी जेल, निर्माण अंतिम चरण में.

Share

हजारीबाग: झारखंड का ऐतिहासिक जय प्रकाश नारायण केंद्रीय कारा जल्द ही देश के चुनिंदा हाई सिक्योरिटी जेलों की सूची में शामिल हो सकता है। जेल परिसर से सटी करीब 25 एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन इस अत्याधुनिक सुविधा का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2023 में शुरू हुई इस परियोजना पर लगभग 98 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और निर्माण कार्य 80 प्रतिशत से अधिक पूरा होने की जानकारी दी गई है।

अधिकांश भवन तैयार, अस्पताल का निर्माण जारी

परियोजना के तहत प्रशासनिक भवन, जेल अधीक्षक का आवास, कार्यालय, चिकित्सक आवास, कारापाल एवं सहायक कारापाल के आवास, रसोईघर, जेल कर्मियों के बैरक, आवासीय क्वार्टर, वॉच टावर, सुरक्षा दीवार और फेंसिंग सहित अधिकांश आधारभूत संरचनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। फिलहाल जेल अस्पताल के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

आधुनिक सुरक्षा तकनीकों से होगा लैस

प्रस्तावित हाई सिक्योरिटी जेल में झारखंड के अलावा अन्य राज्यों के संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों, गैंगस्टरों और उच्च जोखिम वाले बंदियों को रखने की योजना है। जेल की क्षमता लगभग 250 से 280 बंदियों की होगी।

सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने के लिए यहां 5जी जैमर, इलेक्ट्रिक फेंसिंग, हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, एआई आधारित निगरानी प्रणाली, ड्रोन मॉनिटरिंग समेत कई आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बंदियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ-साथ जेल परिसर की सुरक्षा को और मजबूत बनाना है।

सेलुलर जेल की अवधारणा से प्रेरित डिजाइन

निर्माण से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, इस हाई सिक्योरिटी जेल की योजना तैयार करते समय पोर्ट ब्लेयर के ऐतिहासिक सेलुलर जेल की अवधारणा को भी ध्यान में रखा गया है। आधुनिक डिजाइन और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार हो रही यह जेल बंदियों के साथ-साथ जेल अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देगी।

जल्द शुरू हो सकती है संचालन प्रक्रिया

जेपी केंद्रीय कारा, हजारीबाग के अधीक्षक चंद्रशेखर प्रसाद सुमन ने बताया कि हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से राज्य सरकार को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूरा होते ही जेल को शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

Read more

Local News