स्पेनिश फुटबॉल मैच में उस समय बवाल मच गया जब मैच के दौरान रियल जरागोजा के गोलकीपर एस्टेबान एंड्राडा ने रेफरी द्वारा रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद अपना आपा खो दिया और विरोधी टीम के कप्तान को जोरदार मुक्का मार दिया. जिससे वो जमीन पर गिर गए. इस हिंसक घटना के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथापाई भी शुरू हो गई. जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह हिंसक घटना स्पेन की दूसरी डिवीजन फुटबॉल लीग में ह्यूस्का के खिलाफ मुकाबले के दौरान हुई. मैच में रियल जरागोजा 1-0 से पिछड़ रहा था, और मैच खत्म होने ही वाला था. तभी, गोलकीपर एंड्राडा को दूसरा पीला कार्ड मिला, जिसके बाद विरोधी खिलाड़ी को धक्का देने के लिए उन्हें रेड कार्ड भी दिखा दिया गया.
कार्ड दिखाए जाने के बाद, अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी ने ह्यूस्का के कप्तान जॉर्ज पुलिडो की ओर दौड़ लगाई और उनके चेहरे पर जोरदार मुक्का जड़ दिया, जिससे हर तरफ हंगामा मच गया.
एंड्राडा ने मांगी माफी
35 साल के इस गोलकीपर ने अब तक अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के लिए चार मैच खेले हैं. वह मैक्सिकन क्लब मॉन्टेरे से लोन पर जरागोजा में खेल रहे हैं. जरागोजा और ह्यूस्का इस समय रेलिगेशन (निचली लीग में जाने से बचने) की लड़ाई लड़ रहे हैं, और इस भारी दबाव वाले मैच में एंड्राडा अपना आपा खो बैठे.
उनके मुक्के की वजह से हाथापाई जैसी स्थिति बन गई, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए. अब उन्होंने अपने इस काम के लिए माफी मांगी है.
उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो, जो कुछ हुआ उसके लिए मुझे बहुत-बहुत अफसोस है. यह क्लब के लिए, प्रशंसकों के लिए, और खासकर मेरे जैसे एक पेशेवर खिलाड़ी के लिए अच्छी बात नहीं है. इसलिए, मुझे बहुत अफसोस है. अपने पूरे करियर में, मुझे सिर्फ एक बार रेड कार्ड मिला था, और वह भी पेनल्टी एरिया के बाहर हैंडबॉल करने के लिए.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं जॉर्ज पुलिडो से भी माफी मांगना चाहता हूं क्योंकि हम साथी खिलाड़ी हैं, और सच कहूं तो, यह मेरी गलती थी. उस पल मेरा ध्यान भटक गया था, और हां, लीग मुझे जो भी सजा देगी, मैं उसे भुगतने के लिए तैयार हूं.’


