देहरादून (उत्तराखंड): देवभूमि उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में एक खास शादी समारोह की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी को लेकर मसूरी में उत्साह का माहौल है. पहाड़ों की रानी मसूरी में स्थित सेवॉय होटल को इस भव्य शादी समारोह के लिए पूरी तरह तैयार किया जा रहा है. होटल परिसर में सजावट से लेकर मेहमानों की मेजबानी तक की हर व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा चुका है.
मेहमानों के लिए सजने लगा सेवॉय होटल: जानकारी के अनुसार 13 और 14 मार्च को मसूरी में शादी से जुड़े सभी प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे. 13 मार्च को हल्दी समेत अन्य पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी, जबकि 14 मार्च की रात कुलदीप यादव और वंशिका सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध जाएंगे. हालांकि शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन भी आयोजित किया जाएगा, लेकिन विवाह की मुख्य धार्मिक परंपराएं मसूरी में ही पूरी की जाएंगी.

होटल में सजावट का कार्य पूरा: शादी समारोह के लिए मसूरी के ऐतिहासिक सेवॉय होटल को पूरी तरह से बुक कर लिया गया है. होटल में सजावट का काम लगभग पूरा हो चुका है और अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए विशेष स्थान तय किए गए हैं. होटल के भीतर मंडप, मेहमानों के स्वागत स्थल और संगीत कार्यक्रम के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाई गई है ताकि समारोह भव्य और यादगार बन सके.
खेल और बॉलीवुड जगत के मेहमान होंगे शामिल: मेहमानों की मेजबानी को ध्यान में रखते हुए करीब 80 कमरे बुक किए गए हैं. इसके अलावा आसपास के कुछ अन्य होटलों में भी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था की गई है. शादी समारोह में कई खेल और बॉलीवुड जगत के मेहमानों के शामिल होने की संभावना है. इन मेहमानों के लिए होटल प्रबंधन की ओर से विशेष मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें नाश्ता, लंच और डिनर के लिए अलग-अलग व्यंजन शामिल किए गए हैं.
परोसा जाएगा उत्तराखंड का पारंपरिक व्यंजन: खास बात यह है कि इस शादी समारोह में आने वाले मेहमानों को उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिलेगा. स्थानीय खानपान को मेन्यू में शामिल किया गया है ताकि देवभूमि की संस्कृति और स्वाद का अनुभव मेहमानों तक पहुंच सके. बताया जा रहा है कि इस दौरान पूरी तरह से शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा. शादी की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में कुलदीप यादव के परिवार की भी अहम भूमिका रही है और उनके पिता ने होटल प्रबंधन के साथ मिलकर सभी तैयारियों की निगरानी की है.
शादी में ये खिलाड़ी हो सकते हैं शामिल: इस भव्य शादी समारोह में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं. संभावित मेहमानों की सूची में जय शाह, गौतम गंभीर, एमएस धोनी, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कई अन्य खिलाड़ी भी समारोह में शामिल हो सकते हैं.
शादी के लिए भव्य तैयारियां: क्रिकेट जगत के साथ-साथ बॉलीवुड से जुड़े कुछ चर्चित चेहरे भी इस शादी में शामिल होने की संभावना है. वहीं राजनीति से जुड़े कुछ प्रमुख लोगों के भी समारोह में पहुंचने की चर्चा है. ऐसे में मसूरी में होने वाला यह विवाह समारोह काफी हाई-प्रोफाइल माना जा रहा है. मसूरी की वादियों में होने वाला यह समारोह न केवल कुलदीप यादव के जीवन का नया अध्याय शुरू करेगा, बल्कि शहर के लिए भी एक खास अवसर बन गया है. पहाड़ों की रानी मसूरी इन दिनों इस भव्य शादी के स्वागत के लिए सजने-संवरने लगी है. होटल प्रबंधन और आयोजन से जुड़े लोग हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि शादी समारोह पूरी तरह यादगार बन सके.
इस होटल में ऋषभ पंत की बहन की हुई शादी: इससे पहले स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन की शादी भी इसी होटल में हो चुकी है जहां पर भी कई क्रिकेटर और हस्तियां पहुंची थी. यही नहीं कई उद्योगपतियों और व्यवसायियों ने भी इसी जगह को शादी समारोह के लिए पसंद किया है और इस तरह की हाई प्रोफाइल शादी यहां होती रही है.भारतीय क्रिकेट के स्टार स्पिनर की शादी का यह समारोह मसूरी में खेल, ग्लैमर और संस्कृति का अनोखा संगम बनने जा रहा है, जिसका गवाह बनने के लिए देशभर की नामचीन हस्तियां देवभूमि पहुंचने वाली हैं.


