एशिया कप 2025 इस समय खेल जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है. यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा. टीम इंडिया टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार के तौर मैदान में उतर रही है. भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगा. क्रिकेट प्रेमी टी20 फॉर्मेट में होने वाले इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. खासकर भारत के मैच काफी लोकप्रिय होंगे.
एशिया कप 2025 का प्रसारण अधिकार
प्रमुख खेल नेटवर्क सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएनआई) ने 2031 तक एशिया कप के प्रसारण अधिकार 17 करोड़ डॉलर में हासिल किए हैं. इसके साथ ही, इस टूर्नामेंट के सभी मैचों का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. जबकि लाइव स्ट्रीमिंग डिजिटल रूप से सोनी लिव पर की जाएगी. इसी सिलसिले में, टूर्नामेंट से जुड़ी एक दिलचस्प बात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.
विज्ञापन की भारी कीमत
इस एशिया कप के मैचों को करोड़ों व्यूज मिलने तय हैं. संभावना है कि टीम इंडिया लीग और सुपर 4 समेत छह मैच खेलेगी. इसीलिए प्रसारणकर्ता सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स भारत के मैचों से भारी कमाई करने की योजना बना रहा है. इसी कारण टीम इंडिया के मैचों के विज्ञापन के लिए भारी-भरकम कीमत तय की गई है. इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार भारत के मैचों में 10 सेकंड के विज्ञापन के लिए 14 से 16 लाख रुपये की कीमत तय की गई है.
क्या भारत-पाकिस्तान मैच होगा?
एशियाई क्रिकेट परिषद द्वारा पहले ही घोषित कार्यक्रम के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मैच 14 सितंबर को खेला जाना है. ऐसी भी संभावना है कि ये दोनों टीमें सुपर 4 में आमने-सामने होंगी. हालांकि, हाल ही में इंडिया चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स क्रिकेट टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इस वजह से इस टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. लेकिन अगर यह हाई-वोल्टेज मैच होता है, तो ब्रॉडकास्टर्स को इसका बड़ा फायदा होगा.
भारत पाकिस्तान मैच पर करोड़ों व्यूज
क्रिकेट दुनिया में भारत पाकिस्तान मैचों को जबरदस्त व्यूज मिलते है. 2023 एशिया कप में पाकिस्तान-भारत मैच को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर एक समय में 2.8 करोड़ व्यूज मिले थे. यह उन गिने-चुने मैचों में से एक है जिसे किसी क्रिकेट मैच के लिए सबसे ज्यादा व्यूज मिले हैं. इसी क्रम में, इस बार भी पुराने रिकॉर्ड टूटने की संभावना है.
एशिया कप में 8 टीमें ले रही हैं हिस्सा
इस बार के एशिया कप 2025 में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत के साथ, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हॉन्ग कॉन्ग, यूएई और ओमान इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे. 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और हॉन्ग कॉन्ग शामिल हैं. फाइनल मैच 28 सितंबर को खेला जाएगा.


