घरेलू वायदा बाजार में गुरुवार को सोना और चांदी दोनों के भाव में गिरावट दर्ज की गई. हालांकि कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी, लेकिन बाद में मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय बाजार के कमजोर रुख के चलते कीमतों में दबाव देखने को मिला.
खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 1.49 लाख रुपये के नीचे फिसल गया, जबकि चांदी का भाव 2.52 लाख रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था.
₹1.5 लाख से नीचे फिसला सोना
MCX पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 1,098 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,948 रुपये पर खुला. पिछला बंद भाव 1,53,046 रुपये था. कारोबार के दौरान इसमें तेज गिरावट देखने को मिली और खबर लिखे जाने तक यह 3,964 रुपये टूटकर 1,49,082 रुपये पर आ गया.
कारोबार के दौरान सोने ने 1,51,948 रुपये का दिन का उच्च और 1,48,455 रुपये का निचला स्तर छुआ. गौरतलब है कि पिछले महीने सोना 1,80,779 रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा था.
चांदी की चमक हुई फीकी
चांदी के वायदा भाव की शुरुआत भी कमजोर रही. MCX पर मार्च कॉन्ट्रैक्ट 10,754 रुपये की गिरावट के साथ 2,58,096 रुपये पर खुला. पिछला बंद भाव 2,68,850 रुपये था.
खबर लिखे जाने के समय चांदी का भाव 16,131 रुपये की गिरावट के साथ 2,52,719 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इस दौरान इसने 2,58,096 रुपये का उच्च और 2,52,719 रुपये का निचला स्तर छुआ. इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई. Comex पर सोना 4,986 डॉलर प्रति औंस पर खुला था, लेकिन बाद में 102.90 डॉलर टूटकर 4,847.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. पिछला बंद भाव 4,950.80 डॉलर था. इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर छुआ है.
वहीं, Comex पर चांदी 87.64 डॉलर प्रति औंस पर खुली थी, लेकिन कारोबार के दौरान इसमें तेज गिरावट आई. खबर लिखे जाने तक यह 10.14 डॉलर गिरकर 74.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. इस महीने चांदी 121.79 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर पर रही है.


