घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली. पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग शुरू कर दी, जिससे शुरुआती कारोबार में दबाव बढ़ गया. बीएसई सेंसेक्स 380.02 अंक फिसलकर 85,261.88 अंक पर और एनएसई निफ्टी 98.3 अंक गिरकर 26,077.45 अंक पर बंद हुआ.
कौन से शेयर रहे दबाव में और कौन चमके
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, टाटा मोटर्स पीवी और इटर्नल के शेयर सबसे अधिक दबाव में रहे. दूसरी ओर, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और बजाज फाइनेंस के शेयरों में खरीदारी देखी गई, जिससे बाजार में स्थिरता बनी रही. विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक इस समय बड़े और मिडकैप शेयरों में उचित मूल्य पर निवेश करके लाभ उठा सकते हैं.
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में चीन का SSE कम्पोजिट गिरावट में रहा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुए. अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए. अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.15 डॉलर प्रति बैरल पर रहा.
एफआईआई बिकवाल, डीआईआई खरीदार
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,171.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,558.93 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. विशेषज्ञों का कहना है कि यह अंतर बाजार में थोड़ी स्थिरता बनाए रखने में मददगार साबित हुआ.
रुपया सर्वकालिक निचले स्तर पर
विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 32 पैसे टूटकर 89.85 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.70 पर खुला और 89.85 पर आ गया. सोमवार को रुपया 89.79 तक गिरा था और 89.53 पर बंद हुआ. डॉलर सूचकांक 99.41 पर रहा.


