Tuesday, April 22, 2025

 सुबह तक जिंदा करने की करती रही दावा, अंधविश्वास के कारण नतिनी ने बेरहमी से नानी को मार डाला

Share

सरायकेला में अंधविश्वास के चलते तनीषा खंडेत नामक एक युवती ने अपनी नानी सुमित्रा नायक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। तनीषा को विश्वास था कि उस पर मां मंगला का साया है और नानी ने उस पर जादू टोना किया है। पुलिस ने तनीषा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह शव के पास बैठी रही और नानी को जिंदा करने का दावा करती रही।

सरायकेला थाना क्षेत्र के जगन्नाथ मंदिर के समीप रहने वाली तनीषा खंडेत ने अपनी नानी सुमित्रा नायक (72) की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार की रात की है।

हत्या के बाद रात भर शव के पास वह बैठी हुई थी और सुबह तक नानी को जिन्दा करने का दावा कर रही थी। उसके दावे के आगे परिवार के लोग मजबूर हो गए, क्योंकि उसने अपने हाथ में धारदार हथियार पकड़ा हुआ था।

तनीषा को यह अंधविश्वास हो गया था कि वह जो कर रही है मां मंगला ही कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार की सुबह सरायकेला पुलिस पहुंची। 

आरोपित तनीषा को उसकी दोनों बहनों के साथ पुलिस पकड़कर थाना ले आई। पूछताछ में यह बात सामने आई कि तनीषा ने ही नानी की हत्या की है। पुलिस ने तनीषा को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों नाबालिग बहनों को छोड़ दिया है।

यह है मामला

स्वजनों के अनुसार तनीषा की दो दिन पहले तबीयत खराब हो गई थी, जिसके लिए उसे झाड़फूंक करा कर उसके गले में एक धागा बांधा गया था।

इसके बाद भी जब वह ठीक नहीं हुई तो तनीषा की मां ने बेगनाडीह निवासी अपनी मां सुमित्रा नायक (72) को अपने घर बुलाया।

नानी के आने के बाद से ही झगड़ा शुरु हो गया। तनीषा नानी को देखते ही कहने लगी कि उसी ने उस पर जादू टोना किया है और वह उसे नहीं छोड़ेगी। उसे सब ज्ञात हो रहा है। क्योंकि उसके ऊपर मां मंगला का साया है।

घर में झगड़ा होने की खबर जब सरायकेला पुलिस को हुई तो पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तनीषा ने कहा कि उनके घर में कोई झगड़ा नहीं हो रहा है। तब पुलिस वहां से लौट गई।

अगर पुलिस ने इस घटना को गंभीरता पूर्वक लिया होता तो एक सुमित्रा की जान बच सकती थी। पुलिस के जाने के बाद नानी कमरे में बैठकर टीवी देख रही थी, उसी दौरान तनीषा ने नानी से झगड़ा करने लगी।

नानी ने तनीषा को समझाने का प्रयास किया। लेकिन तनीषा आक्रोशित होकर नारियल काटने वाले हथियार से नानी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

नानी के गले व शरीर के कई हिस्सों पर बारी बारी से उसने काटा। यह देख दोनों नाबालिग बहनों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो तनीषा ने उन दोनों को भी मारने की धमकी देते हुए उनपर हथियार को तान दिया। 

इससे भयभीत होकर दोनों बहनें कमरे से बाहर भाग आई और घटना की सूचना अपनी मां को दी। घटना के वक्त मां छत पर थी।

छत से उतरकर मां ने जब कमरे में प्रवेश किया तो सामने जमीन पर गिरी अपनी मां को देखकर उसके होश उड़ गए। तब तक तनीषा कहने लगी कि उसके ऊपर मां मंगला सवार है। उसने यह सब नहीं किया।

कैसे हुआ उसे नहीं पता। लेकिन वह सुबह तक नानी को फिर से जिंदा कर देगी। यह कह कर वह नानी के शव के पास बैठ कर कुछ बुदबुदाने लगी।

उसकी इस हरकत को देखकर घर के अन्य सदस्य भयभीत हो गए और सुबह होने का इंतजार करने लगे। जैसे ही सुबह हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित तनीषा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

नतिनी तनीषा ने अपनी नानी सुमित्रा नायक की अंधविश्वस के कारण धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।- सतीश वर्णवाल, थाना प्रभारी सरायकेला

Read more

Local News