Saturday, May 2, 2026

सुधा डेयरी ने इस वर्ष 36.5 लाख लीटर दूध और 11 लाख किलो दही बेचने का लक्ष्य है।

Share

मकर संक्रांति 15 जनवरी को है, जिसके लिए पटना और आसपास के जिलों में तैयारियां चल रही हैं। सुधा डेयरी ने इस अवसर पर दूध, दही, पनीर और तिलकुट की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की है। इस वर्ष 36.5 लाख लीटर दूध और 11 लाख किलो दही बेचने का लक्ष्य है। आपूर्ति की निगरानी के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं। साथ ही, 20 जनवरी को “दही खाओ इनाम पाओ” प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

पटना। मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा। इसको लेकर पटना सहित आसपास के जिलों में तैयारियां जोरों पर हैं।

शहर के चौक-चौराहों पर लाई, तिल, गुड़ और तिलकुट की दुकानें सज चुकी हैं। पटना डेयरी प्रोजेक्ट (सुधा) ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों की पर्याप्त आपूर्ति को लेकर तैयारी की है।

सुधा के प्रबंध निदेशक रुपेश कुमार ने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर लोगों को दूध, दही, पनीर और तिलकुट की कोई कमी नहीं होगी।

इस वर्ष 36.5 लाख लीटर दूध, 11 लाख किलो दही, 20 हजार किलो तिलकुट और 35 हजार किलो पनीर की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं पिछले वर्ष 33 लाख लीटर दूध, 8.5 लाख किलो दही, 28.5 हजार किलो तिलकुट और 16.5 टन पनीर की बिक्री हुई थी।

पटना के साथ-साथ वैशाली, सारण और नालंदा जिलों में भी दूध, दही, पनीर और तिलकुट की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए आठ उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है, जो आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करेगी।

उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर 12 जनवरी और 13 जनवरी को टैंकर से 52 रुपये प्रत‍ि लीटर टोंड मिल्क मिलेगा।

टैंकर नंबर एक से सुबह 7 से 10 बजे तक बोरिंग रोड चौराहा, राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के निकट 10.30 बजे से 1.30 बजे तक, जगदेव पथ पर दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक यह सुविधा मिलेगी।

वहीं टैंकर नंबर दो से पीरबहोर थाना के पास सुबह 7 से 10 बजे तक, दिनकर गोलंबर 10.30 से 1.30 बजे तक और गायघाट पुल के नीचे दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।

20 जनवरी को दही खाओ इनाम पाओ प्रतियोगिता

मकर संक्रांति के अवसर पर 14 से 19 जनवरी तक ‘दही खाओ’ प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण होगा। प्रतियोगिता 20 जनवरी को आयोजित की जाएगी। इसमें बिहार के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हैदराबाद और दिल्ली सहित अन्य राज्यों के प्रतिभागी भी भाग ले सकेंगे।

Read more

Local News