Friday, October 2, 2026

सीएम हेमंत सोरेन ने योगदा सत्संग आश्रम का किया दौरा, स्वामी निर्मलानंदजी से की मुलाकात.

Share

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को बहु बाजार, चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आश्रम के संतों से मुलाकात की और परिसर के आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री ने आश्रम में स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी से भेंट की। संतों ने उन्हें आश्रम की विभिन्न गतिविधियों और वर्तमान में संचालित कार्यों की जानकारी दी।

परमहंस योगानंदजी से जुड़ी सामग्री देखी

आश्रम भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री श्री परमहंस योगानंदजी के कक्ष, फोटो गैलरी और पुस्तक गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने वहां संरक्षित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक सामग्री के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

पुस्तक गैलरी में परमहंस योगानंदजी और उनके प्रमुख शिष्यों की रचनाओं के साथ विभिन्न प्रकाशित संदर्भ सामग्री, डाक टिकट, पुराने फोटोग्राफ और उनसे संबंधित उपयोग की गई वस्तुओं को सुरक्षित रखा गया है।

ध्यान मंदिर और स्मृति मंदिर का भी किया भ्रमण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने लीची वेदी, स्मृति मंदिर और ध्यान मंदिर का दौरा किया। उन्होंने आश्रम परिसर में ध्यान के लिए विकसित उद्यान का भी अवलोकन किया और वहां की व्यवस्था एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी ली।

स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को आश्रम की गतिविधियों के साथ-साथ इसके आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने परिसर में संरक्षित विरासत और धार्मिक-आध्यात्मिक परंपराओं के बारे में जानकारी ली।

BHARATSUPRFASTNEWS

Read more

Local News