Thursday, March 19, 2026

साहिबगंज – एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या…

Share

साहिबगंज: तालझारी थाना क्षेत्र के दुधकोल गांव में भूमि विवाद ने एक दिल दहलाने वाली घटना को जन्म दिया. एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. हत्यारे ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद तालझारी थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है.

तालझारी थाना से महज दो किलोमीटर दूर दुधकोल गांव में यह तिहरा हत्याकांड हुआ. आरोपी बजल हेम्ब्रम ने धारदार हथियार से अपने पड़ोसी 80 वर्षीय नोहा बेसरा, उनकी बेटी बड़की मुर्मू और दामाद नाथनियल हांसदा की निर्मम हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने पाया कि नोहा बेसरा का शव घर के दरवाजे पर पड़ा था, जबकि बड़की मुर्मू और नाथनियल हांसदा के शव घर के बाहर सड़क पर थे.

पुलिस ने तुरंत शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया. घटना के बाद मृतक नाथनियल हांसदा की बहू संतोषिनी किस्कू मौके पर पहुंची. बताया जाता है कि नोहा बेसरा का कोई बेटा नहीं है और उनकी बेटी व दामाद पिछले आठ सालों से उनके साथ रह रहे थे. हैरानी की बात यह है कि आरोपी बजल हेम्ब्रम नाथनियल हांसदा का दूर का रिश्तेदार भी है.

घटना की सूचना मिलने पर राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद इस हत्याकांड का कारण सामने आया है. मामले के उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो गहन जांच में जुटी है.

साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया, “तालझारी थाना क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या हुई है. आरोपी बजल हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया यह भूमि विवाद का मामला प्रतीत होता है. आरोपी मृतकों का दूर का रिश्तेदार है. पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.”

इस तिहरे हत्याकांड ने दुधकोल गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी मचा दी है. ग्रामीणों में डर और आक्रोश का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि इस घटना के पीछे के सभी तथ्य सामने आ सकें.

Table of contents [hide]

Read more

Local News