मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर तीन लाख से अधिक कांवरियों ने जलाभिषेक किया। अत्यधिक भीड़ और उमस के कारण व्यवस्था चरमरा गई जिससे कई कांवरिये बेहोश हो गए और भगदड़ जैसी स्थिति बनी। नाराज़ कांवरियों ने पहले ही जल अर्पण कर दिया। रात 12 बजे के बाद रूट बदलने पर भी श्रद्धालुओं को घंटों इंतज़ार करना पड़ा।
मुजफ्फरपुर। सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। करीब तीन लाख से अधिक कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
उमस भरी गरमी में घंटों लाइन में लगे होने के कारण दर्जनों कांवड़िए बेहोश हो गए। प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। साहू पोखर से लेकर माखन साह चौक और बाबा मंदिर के पास कई बार भगदड़ की स्थिति बनी। काफी देर तक लाइन में लगे होने से नाराज बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने बाबा मंदिर पहुंचने से पहले ही जल अर्पण कर दिया।
पहलेजा से शुक्रवार को जलबोझी कर रविवार सुबह से ही कांवड़िए शहर में प्रवेश कर गए। शहर में कई जगह पर बने शिविरों में आराम करने के बाद शाम आठ बजे से ही श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ को जलार्पण करना शुरू कर दिए। इस सोमवारी को कांवड़ लेकर आने वालों की संख्या अधिक रही।


