Monday, May 12, 2025

सारंडा में फिर हुआ IED विस्फोट, झारखंड जगुआर का जवान हुआ घायल

Share

चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान मनोज कुमार दमाई बम निरोधक दस्ते का सदस्य है। उन्हें इलाज के लिए रांची भेजा गया है। पुलिस मिसिर बेसरा समेत कई नक्सली नेताओं की तलाश कर रही है जिसके लिए क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया गया है।

चाईबासा। 1 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा को पकड़ने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित सारंडा और कोल्हान के जंगलों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के क्रम में सोमवार को एक और जवान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी के विस्फोट की चपेट में आने से घायल हो गया।

घायल जवान का नाम मनोज कुमार दमाई है। वो झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते का सिपाही है। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान का मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया।

इसके उपरांत पुलिस मुख्यालय एवं सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से उसे उच्चतर इलाज के लिए रांची भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने यहां बताया कि सोमवार को सुबह लगभग 10.45 बजे छोटानागरा थानान्तर्गत कुलापाबुरू, दलाईगढ़ा और मरांगपोंगा के जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी को विस्फोट किया गया।

झारखंड जगुआर बम निरोधक दस्ता के आरक्षी हुए जख्मी

जिसकी चपेट में आने से झारखंड जगुआर बम निरोधक दस्ता के आरक्षी मनोज कुमार दमाई जख्मी हो गये। उक्त जख्मी कर्मी की स्थिति स्थिर है।

बता दें कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं।

इसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 बटालियन, 209 बटालियन, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ की 26 बटालियन, 60 बटालियन, 134 बटालियन, 174 बटालियन, 193 बटालियन, 197 बटालियन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।

पुलिस के पास सूचना है कि 04 मार्च से दस्ता के लोग छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में छिपे हैं। इस सूचना के उपरांत इस क्षेत्र में अभियान तेज किया गया है। सोमवार को इसी अभियान के क्रम में आईईडी विस्फोट में जवान जख्मी हुआ है।

12 अप्रैल को आईईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर का जवान हुआ था बलिदान

बीते 12 अप्रैल को सारंडा जंगल के छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर के जवान कॉन्स्टेबल सुनील धान बलिदान हो गये थे, जबकि कोबरा 203 बटालियन के जवान हेड कांस्टेबल विष्णु सैनी गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

Read more

Local News