Friday, March 13, 2026

सरेआम गोली मारकर फरार हुए बदमाश – कबड्डी खिलाड़ी की हत्या…

Share

जगराओं में एक कबड्डी खिलाड़ी के हत्यारे अभी तक पकड़े भी नहीं गए लेकिन वहां एक और खिलाड़ी की हत्या कर दी.

जगराओं के कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह की हत्या का मामला अभी सुलझा भी नहीं है कि आज खन्ना में एक और कबड्डी खिलाड़ी की हत्या ने सबको हैरान कर दिया है. मामला बीती रात का है जब अपने दोस्तों के साथ बैठे युवा कबड्डी खिलाड़ी 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह पुत्र राजिंदर सिंह निवासी मानकी की सड़क पर चलते समय कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस हमले में मृतक गुरविंदर के दोस्त को भी गोली लगी और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना समराला के पास मानकी गांव में बीती रात लगभग 9:30 बजे हुई. चार अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने मेडिकल स्टोर के बाहर बैठे तीन युवकों पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा.

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. दोनों घायल युवकों को तुरंत समराला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह पुत्र राजिंदर सिंह निवासी मानकी की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल धर्मवीर सिंह पुत्र जरनैल सिंह का इलाज जारी है. वहीं, हमले में बाल-बाल बचे युवक की पहचान लवप्रीत सिंह लाभू के रूप में हुई है.

किसी और की दुश्मनी ने ले ली जान
मृतक युवक के पिता ने कहा कि, ‘किसी और की दुश्मनी ने जान ले ली. मेरे चाचा रोज़ाना की तरह अपने दोस्तों के साथ बैठे थे कि अचानक चेहरा ढके हुए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. मेरे बेटे गुरविंदर के पेट में गोली लगी और दूसरे युवक के पैर में गोली लगी और एक युवक बच गया. हम चाहते हैं कि अपराधी जल्द पकड़े जाएंं, हमारी कोई दुश्मनी नहीं थी, हमारे साथ नाजायज तरीके से कुछ किया गया है’.

बदमाश बिना कुछ कहे चलाने लगे गोलियां
ग्रामीणों के अनुसार, ‘तीनों युवक रोजाना की तरह मेडिकल स्टोर के पास बैठकर बातें कर रहे थे, तभी अचानक दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावर आए और बिना कुछ कहे ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. हमलावर गोली चलाते ही मौके से फरार हो गए. युवक बहुत ही नेकदिल था, उससे कोई दुश्मनी नहीं थी, वह गुरु पर्व के अवसर पर हो रहे कार्यक्रमों में सेवा कर रहा था, वह नगर कीर्तन की तैयारी करके गया था. जिसने भी उसकी हत्या की है उसे गिरफ्तार किया जाए और परिवार को न्याय मिले’.

पुलिस ने जांंच के लिए एक विशेष टीम गठित की
घटना की सूचना मिलते ही समराला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी करके जांच शुरू कर दी. इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी (डी) खन्ना पवनजीत ने बताया कि ‘तीनों युवक गाँव की पुलिया पर खड़े होकर बातें कर रहे थे, तभी चार अज्ञात लोग मुंह ढके हुए आए और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. दो युवकों के पेट में गोली लगी, जबकि एक युवक बच गया.

घायल युवकों को पहले समराला अस्पताल और फिर पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया. उन्होंने बताया कि, हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है. दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस मौके पर उनके साथ डीएसपी (डी) मोहित कुमार सिंगला और डीएसपी समराला करमजीत सिंह ग्रेवाल भी मौजूद थे.

Read more

Local News