Wednesday, July 29, 2026

सदर अस्पताल में जटिल स्पाइनल ट्यूमर की सफल सर्जरी, तीन साल से पीड़ित महिला को मिली नई उम्मीद.

Share

रांची: रांची सदर अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक जटिल सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर 57 वर्षीय महिला को राहत दिलाई है। औरंगाबाद निवासी बिंदु देवी पिछले करीब तीन वर्षों से इस गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और लंबे समय से बिस्तर पर रहने को मजबूर थीं।

परिजनों के अनुसार, बीमारी बढ़ने के साथ उनके दोनों हाथों की ताकत लगभग खत्म हो गई थी और धीरे-धीरे पैरों में भी कमजोरी आने लगी थी। इलाज के लिए उन्हें कई बड़े अस्पतालों में दिखाया गया, लेकिन काफी खर्च के बावजूद स्थायी समाधान नहीं मिल पाया।

बाद में उन्हें रांची सदर अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया। विस्तृत जांच के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। डॉक्टरों ने बताया कि ट्यूमर सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड के भीतर स्थित था, जिससे सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि ऑपरेशन के दौरान रीढ़ की नसों को नुकसान पहुंचने का जोखिम बना रहता है।

न्यूरोसर्जन डॉ. विकास और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक सर्जरी की। अस्पताल के अनुसार, ऑपरेशन के कुछ ही दिनों बाद मरीज के हाथों और पैरों में सुधार दिखाई देने लगा। अब वह अपने दोनों हाथ पहले की तुलना में बेहतर तरीके से उठा पा रही हैं और स्वास्थ्य में लगातार प्रगति हो रही है।

इस जटिल सर्जरी में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. ज्योतिका सहित रामिज, सोहेल, संजू, अमन, पूनम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसी जटिल न्यूरोसर्जरी की सफलता से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं, अस्पताल के डीएस डॉ. विमलेश सिंह ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Read more

Local News