क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर आज 24 अप्रैल को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस महान खिलाड़ी के लाखों फैंस हैं, जो अपने अपने अंदाज में मास्टर ब्लास्ट का जन्मदिन मना रहे हैं. इसी बीच महाराष्ट्र के पुणे में आइसक्रीम बेचने वाले एक फैन ने सचिन के जन्मदिन पर अपने ग्राहकों को 50 प्रतिशत की छूट देकर मनाया.
सचिन का जबरा फैन
पुणे के येरवडा में एक फैन विनोद मोरे पिछले 30 सालों से सचिन तेंदुलकर के नाम पर आइसक्रीम की दुकान ‘सचिन मलाई गेला’ के नाम से चला रहे हैं. उन्होंने आजकल अपनी दुकान पर एक बैनर लगा रखा है, जिस पर लिखा है कि सचिन के जन्मदिन पर ग्राहकों को मलाई गोला आधी कीमत पर मिलेंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल को यहां पर केक काटकर सचिन का जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा.

विनोद मोरे सचिन के इतने बड़े फैन हैं कि उन्होंने अपनी आइसक्रीम की दुकान का पूरा लुक ही बदल दिया है. दुकान को देखकर ग्राहकों को लगता है कि यह कोई दुकान नहीं, बल्कि भारत रत्न सचिन तेंदुलकर की फोटो गैलरी है. विनोद ने सचिन तेंदुलकर से जुड़ी काफी ज्यादा तस्वीरें अपनी दुकान में लगा रखी है.

ऑफर के बारे में विनोद मोरे ने क्या कहा?
ऑफर के बारे में विनोद मोरे ने कहा, ‘चूंकि अभी काफी ज्यादा गर्मी पड़ रही है, इसलिए लोग बड़ी संख्या में आइस गोला खाने के लिए दुकान पर उमड़ रहे हैं. जो लोग रोज एक गोला खाते थे, वे अब दो गोले खाते नजर आ रहे हैं. दोपहर और शाम के समय यहां काफी भीड़ देखने को मिलती है. इसके अलावा, मैं सचिन तेंदुलकर का फैन रहा हूं और हर साल सचिन का जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाता हूं. इस साल भी, सचिन के जन्मदिन के मौके पर, मैं 50 प्रतिशत की छूट पर गोला बेचूंगा.

सचिन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर
सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक माना जाता है. उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 1989 से 2013 तक 24 सालों के लंबे समय तक चला. उन्होंने भारत के लिए 664 मैचों में 34,357 रन बनाते हुए 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए और 2011 वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे.

सचिन के बड़े रिकॉर्ड
- सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन: कुल 34,357 रन (टेस्ट में 15,921, वनडे में 18,426)
- सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक: 100 (51 टेस्ट, 49 वनडे)
- सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच: 664 (200 टेस्ट, 463 वनडे)
- सबसे लंबा क्रिकेट करियर: 24 साल और 1 दिन (1989–2013)
- वनडे में सबसे ज्यादा अर्धशतक: 96
- वनडे में सबसे तेज 10,000 रन: 259 पारियां
- एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन (ODI): 1998 में 1894 रन
- ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सर्वाधिक रन: 6707 अंतर्राष्ट्रीय रन
- वनडे में सबसे पहले 200 रन करन वाला बल्लेबाज
- वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी (2,278 रन)


