Tuesday, April 14, 2026

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करके ICC का ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड अपने नाम कर लिया.

Share

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इन दिनों आईपीएल 2026 में बिजी हैं. वो इस साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं. जो आज अपना पांचवां मैच केकेआर के खिलाफ खेलने वाली है. उससे पहले संजू ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने मार्च महीने का ICC ‘मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीत लिया है.

आईसीसी ने उनको ये अवॉर्ड T20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मैचों में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया है. यह पहली बार है जब सैमसन ने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है. सैमसन, टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत बेंच पर बैठकर की थी, लेकिन जब उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किया गया तो फिर उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक ‘करो या मरो’ वाले सुपर एट्स मुकाबले में 97 रन की नाबाद पारी खेली.

उसके बाद संजू ने मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी 89-89 रन बनाए. उनके प्रयासों की बदौलत भारत अपनी धरती पर ही खिताब बचाने में सफल रहा, और सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड मिला.

अवॉर्ड जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है
ICC के हवाले से सैमसन ने कहा, ‘ICC प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है, खासकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे यादगार दौर में मिला है. T20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में योगदान देना सचमुच एक सपना सच होने जैसा था, और उस पल की अहमियत को पूरी तरह से समझने में मुझे थोड़ा समय लगा.’

उन्होंने आगे कहा, ‘यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर तरफ जबरदस्त प्रतिभा मौजूद है. मुझे मिले मौकों के लिए, और अपने साथियों व कोचिंग स्टाफ के भरोसे और समर्थन के लिए मैं आभारी हूं, जिनकी वजह से मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया.’

बुमराह-कॉनर को पछाड़ा
संजू सैमसन ने ये अवॉर्ड तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को पछाड़कर हासिल किया. बुमराह ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में अहम भूमिका निभाते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में चार विकेट लिए थे, जबकि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने T20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों में 200 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था.

Read more

Local News