Sunday, March 15, 2026

श्रीलंका के लिए आज का मैच करो या मरो जैसा है, क्योंकि हारने की सूरत में वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे.

Share

 टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (25 फरवरी) सुपर-8 के ग्रुप 2 में न्यूजीलैंड और श्रीलंका आमने सामने होंगे. ये मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जो भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे शुरू होगा. मंगलवार को, इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर दो विकेट से जीत के साथ ग्रुप 2 से दो सेमीफाइनल स्पॉट में से एक पर कब्जा कर लिया, जिससे सिर्फ एक और जगह बची है और तीन टीमें इसके लिए लड़ रही हैं.

श्रीलंका के लिए करो या मरो वाला मैच
श्रीलंका के लिए यह मैच करो या मरो वाला हो गया है, क्योंकि हार उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर देगी. वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल की ओर बढ़ना चाहेगी. पाकिस्तान भी इस मैच पर करीब से नजर रखेगा क्योंकि उनके आगे बढ़ने की उम्मीद इस मैच के नतीजों पर निर्भर करेगी.

श्रीलंका पर दबाव ज्यादा होगा
श्रीलंका ने इस वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत की थी और लगातार तीन मैच जीतकर सुपर 8 में क्वालीफाई किया था, जिससे वो अपने घर में खतरनाक लग रहे थे. लेकिन उनका मोमेंटम तब रुक गया जब जिम्बाब्वे ने उन्हें ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में छह विकेट से मात दे दी और फिर सुपर-8 के पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 51 रन की हार खास तौर पर निराशाजनक थी क्योंकि वे 147 रन का पीछा करते हुए 95 रन पर ऑलआउट हो गए थे. अब इस मैच में उन पर ज्यादा दबाव होगा, क्योंकि वो अपने घर में खेल रहे है और टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर खड़े हैं.

वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड इस वर्ल्ड कप में पहली बार श्रीलंका में खेलेगा, क्योंकि वो अपना ग्रुप मैच भारत में खेला था. इसके अलावा उनका पाकिस्तान के खिलाफ पहला सुपर 8 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. जिसकी वजह से वो कोलंबो और पल्लेकेले की पिचों पर अभी तक खेल नहीं पाए हैं.

SL vs NZ हेड टू हेड रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड और श्रीलंका T20I में अब तक 28 मैच में आमने सामने आए हैं. जिसमें ब्लैककैप्स का पलड़ा भारी रहा है. न्यूजीलैंड 16 बार जीता है, जबकि श्रीलंका सिर्फ 11 गेम जीत पाया है. दोनों टीमों के बीच एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला.

हालांकि, T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका का रिकॉर्ड कहीं बेहतर है. दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ छह वर्ल्ड कप गेम खेले हैं. जिसमें श्रीलंका ने 4 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड सिर्फ दो में जीत हासिल कर पाया है.

SL vs NZ Super 8: कोलंबो पिच रिपोर्ट
कोलंबो में आर प्रेमदासा की पिच स्पिनरों के अनुकूल रही है, जिसमें पांच पूरे हुए मैचों में पहली इनिंग का एवरेज स्कोर 162 रहा है. इनमें से चार गेम पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने जीते, इससे पहले जिम्बाब्वे सफलतापूर्वक चेज करने वाली पहली टीम बनी थी. हालांकि, हाई-प्रेशर वाले मैच में, कैप्टन पहले बैटिंग करना पसंद कर सकते हैं. बारिश का अभी कोई खतरा नहीं है, हालांकि बीच-बीच में बादल छाए रहने की उम्मीद है.

SL vs NZ Super 8: दोनों टीमों के स्क्वाड
न्यूजीलैंड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी.

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंडू मेंडिस, कुसल जनिथ परेरा, चरिथ असलांका, जनिथ लियानागे, पवन रथनायके, वानिंदू हसरंगा, दुनिथ वेल्लालगे, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा.

Read more

Local News