अमेरिकी अरबपति रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना की शादी साउथ इंडियन इंडस्ट्रियल फैमिली से जुड़े वामसी गडिराजू के साथ झीलों के शहर उदयपुर में भव्य स्तर पर संपन्न हुई. तीन दिनों तक चले इस शाही आयोजन में देश-विदेश से सेलिब्रिटीज, बिजनेसमैन और हाई-प्रोफाइल गेस्ट शामिल हुए. शादी के फंक्शन 21 से 23 नवंबर तक शहर के विभिन्न राजसी स्थलों पर हुए, जिनमें जग मंदिर और सिटी पैलेस मुख्य आकर्षण रहे.
- रविवार को रहा खास आयोजन : रविवार दोपहर पिछोला झील के बीच स्थित ऐतिहासिक जग मंदिर पैलेस में मुख्य विवाह समारोह आयोजित किया गया. दक्षिण भारतीय परंपराओं के अनुसार शादी की सभी रस्में निभाई गईं. सुबह 10 से 11 बजे के बीच मेहमानों को होटल लीला और लेक पैलेस से नावों के जरिए जग मंदिर पहुंचाया गया. दूल्हा वामसी गडिराजू परंपरा अनुसार बारात में शामिल हुए, जिसमें वे जयपुर के हाथी बाबू पर सवार होकर शाही अंदाज में पहुंचे. दोपहर के समय मंत्रोच्चार और रीति रिवाजों के बीच विवाह संपन्न हुआ
सिटी पैलेस में ग्रैंड रिसेप्शन : शाम को उदयपुर के सिटी पैलेस में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया गया. जनाना महल में ग्लैमर और म्यूजिक का अनोखा संगम देखने को मिला, जब हॉलीवुड पॉपस्टार जेनिफर लोपेज ने मशहूर डीजे ब्लैक कॉफी के साथ धमाकेदार परफॉर्मेंस दी. रात 11 बजे उनकी एंट्री होते ही महफिल में जोश बढ़ गया और उन्होंने लगातार कई हिट गानों पर परफॉर्म कर मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया. विदेशी गेस्ट ही नहीं भारतीय मेहमान भी उनके लाइव शो को लेकर खासे उत्साहित दिखे. उदयपुर रॉयल वेडिंग में देर रात को हॉलीवुड सिंगर जेनिफर लोपेज ने ‘On The Floor’ सॉन्ग गाकर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया.
दक्षिण अफ्रीका के मशहूर डीजे ‘ब्लैक कॉफी’ रविवार को उदयपुर में आयोजित मेगा वेडिंग इवेंट में शिरकत करने पहुंचे. ग्रैंड रिसेप्शन के दौरान उन्होंने अपने सिग्नेचर अंदाज में ऐसा माहौल बना दिया कि मेहमान खुद ब खुद डांस फ्लोर की ओर खिंचे चले आएं. ब्लैक कॉफी ने एक के बाद एक अपने सुपरहिट ट्रैक्स ‘ड्राइव टर्न मी ऑन’ और ‘रेडी फॉर यू’ बजाए. उनकी इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और डीप हाउस मिक्सेज ने समारोह में अंतरराष्ट्रीय ग्लैमर जोड़ दिया. जैसे ही उन्होंने परफॉर्मेंस शुरू की महफिल में मौजूद मेहमान तालियों और शोर के साथ उत्साह से झूम उठे.
ट्रंप के बेटे भी विशेष आकर्षण : रिसेप्शन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर भी विशेष आकर्षण रहे. वे ब्लैक आउटफिट में नजर आए और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ समारोह में शामिल हुए. उन्होंने नवविवाहित जोड़े से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं. ट्रंप जूनियर सोमवार शाम करीब 5 बजे चार्टर फ्लाइट से उदयपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना होने वाले हैं. शादी के बाद अधिकांश सेलिब्रिटीज और गेस्ट्स भी जाने लगे हैं. साउथ सुपरस्टार रामचरण भी इस रॉयल वेडिंग का हिस्सा बने. वे रविवार दोपहर उदयपुर पहुंचे और शाम तक समारोह में शामिल होकर परिवार के साथ समय बिताया.


