पंजाब की मशहूर अभिनेत्री और बिग बॉस फेम शहनाज गिल के फैन्स के लिए बुरी खबर है. ‘पंजाब की कैटरीना कैफ’ के नाम से मशहूर शहनाज अस्पताल में भर्ती हैं. शहनाज के भाई शहबाज ने इसकी पुष्टि की है. शहबाज ने अस्पताल से शहनाज की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है और उनके जल्द ठीक होने की कामना भी की है. आइए जानते हैं शहनाज गिल किस बीमारी का शिकार हुईं…
मिली जानकारी के मुताबिक, शहनाज गिल को लो ब्लड प्रेशर हाइपोटेंशन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. खबर के जरिए जानिए कि फिट दिखने वाली शहनाज गिल का ब्लड प्रेशर अचानक लो क्यों हो गया, जिसकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. इसके साथ ही जानिए कि लो ब्लड प्रेशर क्यों और किस वजह से होता है.
दिल्ली के लाइफ हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. अशहर कुरैशी बताते हैं कि ब्लड प्रेशर हमारे शरीर की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जो हमारे ब्लड फ्लो को कंट्रोल करती है. आमतौर पर शरीर के नेचर के आधार पर 90/60 mmHg से 120/80 mmHg के बीच ब्लड प्रेशर को नॉर्मल माना जाता है. लेकिन अगर ब्लड प्रेशर लगातार इससे कहीं अधिक बढ़ता या घटता रहे, तो यह हमारे स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है.
कितना खतरनाक होता है लो ब्लड प्रेशर (हाइपोटेंशन)?
हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और किडनी फेल्योर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकता है. वहीं, लो ब्लड प्रेशर (हाइपोटेंशन) की स्थिति में शरीर के अंगों तक ब्लड की सप्लाई ठीक से नहीं हो पाती, जिससे ऑर्गन फेल्योर या किडनी फेल्योर, हार्ट अटैक और स्ट्रोक समेत कई समस्याएं हो सकती हैं. वहीं, इस स्थिति में व्यक्ति को अचानक बेहोशी या चक्कर आने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं, जिससे व्यक्ति गिरकर घायल हो सकता है या उसके साथ किसी तरह की दुर्घटना होने की संभावना भी बढ़ सकती है.
लो ब्लड प्रेशर (हाइपोटेंशन) के कारण?
लो ब्लड प्रेशर के लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे शरीर में पानी की कमी या डिहाइड्रेशन, हार्मोनल असंतुलन, शरीर में पोषक तत्वों की कमी, किसी प्रकार की दवा या इलाज के साइड इफैक्ट, सर्जरी या गंभीर चोट, आनुवंशिकता, अत्यधिक तनाव, शराब या नशीली दवाओं का सेवन, लंबे समय तक भूखे रहना या गलत खान-पान आदि. लो ब्लड प्रेशर की समस्या में व्यक्ति को चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना, दृष्टि धुंधली होना, मतली या उल्टी जैसा महसूस होना और भ्रम की स्थिति जैसे लक्षण अनुभव होते हैं.
लो बीपी को कंट्रोल में रखने के उपाय
- दिन भर में पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें.
- दिन में कई बार छोटे-छोटे भोजन करें. यह ब्लड को स्थिर रखने में मदद करता है.
- अचानक से उठने से बचें, खासकर सुबह के समय. धीरे-धीरे उठने से ब्लड प्रेशर स्थिर रहता है.
- दिनचर्या में चाय और कॉफी जैसे कैफीन युक्त पेय पदार्थ को शामिल करें. इससे ब्लड बढ़ सकता है.
- अपने आहार में नमक, पोटैशियम और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्वों को शामिल करें तथा संतुलित आहार का सेवन करें.
डॉ अशरीर कुरैशी बताते हैं कि अगर ब्लड प्रेशर में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. वहीं ऊपर बताए गए लक्षणों के नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. ऐसे लोग जिन्हें लगातार हाई या लो बीपी की समस्या हो उन्हें नियमित अंतराल पर ब्लड प्रेशर की जांच करते रहना चाहिए.


