Friday, April 3, 2026

वाणिज्य-कर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि 2025-26 में बिहार ने जीएसटी, वैट और अन्य स्रोतों से 43324.79 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व संग्रह किया.

Share

वाणिज्य-कर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि 2025-26 में बिहार ने जीएसटी, वैट और अन्य स्रोतों से 43324.79 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व संग्रह किया, जो पिछले वर्ष से 4.09% अधिक है।

पटना। वाणिज्य-कर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने गुरुवार को प्रेस-वार्ता कर बताया कि 2025-26 में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), वैट और अन्य स्रोतों से प्राप्त राजस्व को मिलाकर उनके विभाग ने 43324.79 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड संग्रह किया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 4.09 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2024-25 में 41623.96 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह हुआ था।

वाणिज्य कर विभाग के सचिव-सह-आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि जीएसटी मद में 32,801 करोड़ रुपये जुटाए गए। आईजीएसटी में 724 करोड़ रुपये की कटौती के बाद जीएसटी संग्रह घटकर 32077.22 करोड़ रुपये रह गया। इसके बाद भी राज्य में जीएसटी संग्रह में 9.20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह वृद्धि लगभग छह प्रतिशत रही। 

13 प्रतिशत अधिक जीएसटी का संग्रह 

मंत्री ने बताया कि ये अनंतिम आंकड़े हैं और पेशा-कर से संबंधित कुछ संग्रह बाद में जुड़ने की संभावना है। उसके बाद कुल राजस्व में और वृद्धि हो सकती है। मार्च, 2025 की तुलना में मार्च, 2026 में बिहार में 13 प्रतिशत अधिक जीएसटी का संग्रह हुआ, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह वृद्धि लगभग पांच प्रतिशत रही। 

उल्लेखनीय है कि वाणिज्य कर विभाग चार श्रेणियों में कर वसूलता है। उनमें जीएसटी, पेट्रोल एवं डीजल पर वैट, बिजली शुल्क और पेशा-कर सम्मिलित हैं। विभाग ने गैर-जीएसटी मद में कुल 11247.57 करोड़ रुपये जुटाए। उनमें वैट से 10037.38 करोड़, बिजली शुल्क से 983.81 करोड़ और पेशा-कर से 226.38 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।

2025-26 की कमाई

मद : राजस्व (करोड़ रुपये)

जीएसटी : 32077.22

वैट : 10037.38

बिजली शुल्क : 983.81

पेशा-कर : 226.38

Read more

Local News