लोहरदगा: झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा सोमवार को नगर भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे शामिल हुए.
इस दौरान उन्होंने राज्य में होने वाले दो राज्यसभा सीटों के चुनाव को लेकर मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मिलकर उम्मीदवारों पर निर्णय लेगा और दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत सुनिश्चित होगी.
झारखंड मुक्ति मोर्चा इंडिया गठबंधन का हिस्सा
मीडिया से बातचीत के दौरान विनोद पांडे ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और राज्य में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसकी जिम्मेदारी और दायित्व भी अधिक है. उन्होंने कहा कि झामुमो राज्य सरकार का नेतृत्व कर रही है, इसलिए गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ चर्चा कर ही प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि कुछ चीजें संगठन पर भी छोड़ देनी चाहिए. गठबंधन के साथियों के साथ बातचीत के बाद यह तय होगा कि कौन प्रत्याशी किस दल से होगा. इतना तय है कि जो भी उम्मीदवार मैदान में होगा, वह इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी होगा और दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत होगी.
कांग्रेस के लिए दरवाजा खुला होने के सवाल पर विनोद पांडे ने कहा कि यह कहना सही नहीं होगा कि दरवाजा खुला है या बंद है. यह मीडिया का सवाल है. सभी निर्णय गठबंधन की बैठक और आपसी चर्चा के बाद लिए जाएंगे.
राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो ने स्पष्ट संकेत दिया है कि गठबंधन की एकजुटता के साथ आगे बढ़ते हुए सभी सहयोगी दलों से चर्चा कर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा. विनोद पांडे के बयान से यह साफ है कि इंडिया गठबंधन राज्य की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने की रणनीति के साथ आगे बढ़ रहा है.
इस सम्मेलन से पहले पार्टी के जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में पार्टी महासचिव के लोहरदगा आगमन पर मोटरसाइकिल जुलूस के माध्यम से जोरदार स्वागत किया गया. इसके बाद नगर भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ. जिसमें कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ रही.


