लातेहार: जंगल से भटककर एक हिरण का बच्चा शनिवार सुबह लातेहार शहर के गिजनियाटांड़ मोहल्ले में पहुंच गया। स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह घायल अवस्था में था। लोगों ने उसे सुरक्षित अपने पास रखा और मामले की जानकारी वार्ड पार्षद सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन को दी।
सूचना मिलने के बाद संतोष रंजन मौके पर पहुंचे और घायल हिरण के बच्चे की स्थिति देखी। उन्होंने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में वन विभाग की टीम वहां पहुंची और हिरण के बच्चे को अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए पशु चिकित्सालय पहुंचाया।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने वन्यजीव की सूचना समय पर देने और उसकी सुरक्षा में सहयोग करने के लिए स्थानीय लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जंगली जानवर का शिकार या उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। वन्यजीवों का शिकार कानूनन अपराध है और इसके लिए दंड का प्रावधान है।
बताया जाता है कि लातेहार के सीमावर्ती इलाकों के जंगलों में बड़ी संख्या में हिरण पाए जाते हैं। जंगल से भटककर कभी-कभी वन्यजीव आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं।
