Monday, July 27, 2026

लातेहार में विकास योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने विभागों को समन्वय के साथ कार्य तेज करने के दिए निर्देश.

Share

लातेहार: जिले में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, गव्य विकास और मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और तय समयसीमा के भीतर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि लाभार्थियों तक समय पर सुविधाएं पहुंच सकें।

बैठक के दौरान कृषि विभाग की ओर से वर्षा की स्थिति, बीज वितरण, बिरसा फसल विस्तार योजना (2026-27), राज्य योजना (2025-26), फसल सुरक्षा कार्यक्रम, सॉइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और किसान समृद्धि योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पशुपालन एवं संबद्ध योजनाओं की समीक्षा के दौरान बकरी, सूअर, भेड़, कुक्कुट पालन, बत्तख के चूजों के वितरण तथा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की प्रगति का भी आकलन किया गया। उपायुक्त ने पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चा, जिला मत्स्य पदाधिकारी स्वर्णलता मधु लकड़ा, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुषमा प्रधिया, गव्य विकास पदाधिकारी हरि कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read more

Local News