लातेहार: सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना पर भी अब बिचौलियों की नजर लग गई है. सदर प्रखंड के सीसी पंचायत में बिचौलियों ने अबुआ आवास योजना में मिलने वाली मजदूरी के पैसे फर्जी तरीके से निकाल लिया. जब लाभुकों को इसकी जानकारी हुई तो मामले की शिकायत जिले के अधिकारियों से की गई. शिकायत मिलने के बाद अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच आरंभ करवा दी है.
अबुआ आवास योजना से निकाले गए पैसे
दरअसल लातेहार सदर प्रखंड के सीसी पंचायत अंतर्गत बरियातू खालसा और बरियातू जागीर गांव में कई गरीबों को झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना का लाभ मिला था. आवास योजना मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे खिले हुए थे. उम्मीद थी कि अब उनके आवास बन सकेगा और वह पक्के के मकान में रह सकेंगे. लेकिन ग्रामीणों की उम्मीद पर कुठाराघात करते हुए बिचौलियों ने पंचायत कर्मियों और प्रतिनिधियों से मिलीभगत कर लाभुकों को मिले अबुआ आवास योजना के लिए मनरेगा योजना से मिलने वाली मजदूरी की राशि फर्जीवाड़ा कर निकाल ली
पहले तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी भी नहीं थी, लेकिन जब गांव के ही रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता विजय सिंह और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता श्रीराम सिंह को इसकी भनक लगी तो उन्होंने ग्रामीणों के आवास की स्टेटस को चेक किया. चेक करने पर पता चला कि आवास के लिए मिलने वाले मजदूरी की राशि को निकाल ली गई है. दोनों गांव में लगभग 20 आवास में मिलने वाले मजदूरी के पैसे निकल गए हैं.
काम भी आरंभ नहीं हुआ, पर निकले मजदूरी के पैसे
इधर, इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता विजय सिंह ने बताया कि बरियातू जागीर गांव की रहने वाली सोनी देवी को आवास योजना का लाभ मिला था. हालांकि अभी तक इन्होंने अपने आवास का निर्माण आरंभ भी नहीं किया है. इसके बावजूद इनके आवास योजना में मजदूरी के मद में 10500 रुपए की निकासी हो गई है. उन्होंने कहा कि इसके अलावे दोनों गांव में 20 से अधिक आवास में मजदूरी के पैसे निकाल लिए गए हैं. जबकि लाभुकों को इस संबंध में कोई जानकारी भी नहीं है.
ग्रामीण अंकित कुमार ने कहा कि उन्होंने आवास निर्माण का कार्य आरंभ भी नहीं किया है, लेकिन बिचौलियों ने मजदूरी के पैसे निकाल लिए. अब स्थिति ऐसी हो गई है कि आवास बनाना भी मुश्किल हो गया है. लाभुक ललिता देवी ने बताया कि उन्हें आज तक मात्र एक किस्त की राशि मिल पाई है. परंतु बिचौलियों ने उनके आवास के नाम पर मजदूरी की 23000 रुपए अवैध तरीके से निकाल ली. इसी प्रकार रवीना बीवी, सरिता देवी, सीमा देवी समेत कई अन्य लाभुकों के आवास की मजदूरी की राशि निकाल ली गई है.
लाभुकों की शिकायत पर ऑनलाइन देखने पर हुआ खुलासा
इस संबंध में झामुमो युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री राम सिंह ने बताया कि स्थानीय लाभुकों ने उनसे शिकायत की थी कि उनके आवास योजना में मजदूरी की राशि बिना उनकी जानकारी के निकाल ली गई है. ग्रामीणों की सूचना के बाद जब इसकी ऑनलाइन जांच की गई तो पाया गया कि अधिकांश आवास योजना में मजदूरी की राशि निकल गई है. उन्होंने कहा कि अगर पूरे मामले की जांच उच्च स्तरीय की जाए तो यह एक बड़ा घोटाला उभर कर सामने आएगा. उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत जिले के अधिकारियों से भी की गई है. अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी.
मामले की हो रही है जांच
इस संबंध में लातेहार प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी ने बताया कि आवास योजना में मजदूरी भुगतान की राशि फर्जी तरीके से निकालने की शिकायत मिली है. मामले की जांच कराई जा रही है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.


