लातेहार डीसी संदीप कुमार ने शनिवार को गारू व सरयू प्रखंड का दौरा किया. इस दौराना उन्होंदने विकास योजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों व पंचायत कार्यालयों का निरीक्षण किया. अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए.
- डीसी ने गोइन्दी आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन, पोषाहार वितरण, साफ-सफाई व ग्रोथ मॉनिटरिंग की समीक्षा की. इसके बाद प्लस टू उच्च विद्यालय सरयू व नेताजी एससी आवासीय विद्यालय का जायजा लिया. विद्यालय भवन के निर्माणाधीन कार्य समय पर पूर्ण नहीं होने पर संबंधित एजेंसी को तीन माह के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया
डीसी ने सरयू प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित मामलों, अभिलेखों के संधारण व कार्यालयीन कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली. आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरयू का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, दवा की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली. उन्होंने मध्य विद्यालय डोमाखाड़ का निरीक्षण कर SIR के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी बीएलओ से ली और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता से संपन्न कराने का निर्देश दिया.
मौके पर डीडीसी सैयद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, डीईओ गौतम कुमार साहू, डीएसई ऋषिकेश कुमार व गारू व सरयु के बीडीओ मौजूद थे.



