Sunday, June 21, 2026

लगातार चार हार के बाद CSK ने MS Dhoni को फिर सौंपी टीम की कमान, गायकवाड़ टूर्नामेंट से बाहर

Share

रुतुराज गायकवाड़ चोट की वजह से आईपीएल 2025 के पूरे सीजन से बाहर हो गए. बाकी मैचों में एमएस धोनी टीम को लीड करेंगे.

 आईपीएल 2025 के शुरुआती 5 मैचों में से 4 मैच गंवाने के बाद चिन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनकी टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के कारण आईपीएल 2025 से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह एमएस धोनी को टीम की कमान सौंप दी गई है. टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गुरुवार (10 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम के घरेलू मैच से पहले इस बात की पुष्टि की.

बता दें कि 28 वर्षीय गायकवाड़ को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च को CSK के मुकाबले में तुषार देशपांडे का सामना करते समय कोहनी में चोट लग गई थी. हालांकि उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले दो मैचों में भाग लिया, लेकिन स्कैन में अब फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है.

गायकवाड़ की चोट का मतलब है कि 43 वर्षीय धोनी CSK के कप्तान के रूप में वापसी करेंगे. इस से पहले धोनी ने 2022 में कुछ समय के लिए रवींद्र जडेजा को बागडोर सौंपी थी लेकिन सीजन के बीच में ही फिर से कमान वापस संभाल ली थी. फिर धोनी 2024 सीजन से पहले कप्तानी छोड़ दी, और गायकवाड़ को टीम की कमान सौंप दी.

लेकिन अब एक बार फिर धोनी को CSK के लड़खड़ाते 2025 के अभियान को पुनर्जीवित करने का काम सौंपा गया है. कुल मिलाकर, धोनी ने CSK के 268 मैचों में से 235 में कप्तानी की है, और टीम को निरंतरता और सफलता के बेजोड़ स्तर पर पहुंचाया है.

धोनी नेतृत्व में, CSK ने पांच IPL खिताब (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) और दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी जीती हैं. उल्लेखनीय रूप से, टीम केवल दो आईपीएल सीजन- 2020 और 2022 में शीर्ष चार से बाहर रही, जबकि 2010 से 2013 तक लगातार चार वर्षों सहित 10 मौकों पर फाइनल में पहुंची.

MS Dhoni

Read more

Local News