मुंगेर जिले के लोगों को अक्टूबर से जमालपुर से हावड़ा के लिए वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिलेगी। यह भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत का विस्तार है, जिसकी मांग मुंगेर के विधायक प्रणव कुमार ने रेलमंत्री से की थी। इस विस्तार से योगाश्रम आने वाले विदेशी पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों को लाभ होगा।
मुंगेर। जिले के लोगों को देश की पहली सेमी स्पीड ट्रेन वंदे भारत से सफर करने के लिए महज तीन माह का इंतजार और करना होगा। अक्टूबर माह से जमालपुर से सीधा हावड़ा के लिए वंदे भारत चलने लगेगी। अभी भागलपुर से हावड़ा के बीच चल रही वंदे भारत का विस्तार जमालपुर पर किए जाने पर स्वीकृति मिल गई है।
रेलवे ने बकायदा इसके लिए संभावित समय-सारिणी भी जारी कर दी है। इस ट्रेन के चलने से जमालपुर से हावड़ा के लिए पांच ट्रेनें हो जाएगी। वर्तमान में हावड़ा के लिए चार एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही है।
दरअसल, मुंगेर विधायक प्रणव कुमार दिल्ली में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत का विस्तार जमालपुर तक करने की मांग की।
विधायक ने बताया कि मुंगेर में योगाश्रम होने के कारण 23 देशों से विदेशी पहुंचते हैं। ऐसे में इस ट्रेन का विस्तार जमालपुर से शुरू होेने से यात्रियों और सैलानियों को काफी सुविधा होगी। यहां के व्यापारियों कारोबार भी बढ़ेगा।इसके बाद रेलमंत्री ने संबंधित दिशा-निर्देश दिए।
एक और वंदे भारत की मांग
विधायक ने रेलमंत्री से सहरसा-सियालदह के बीच प्रस्तावित वंदे भारत का रूट मार्ग सहरसा-खगड़िया-मुंगेर-जमालपुर-अभयपुर-किऊल करने की मांग की है।
विधायक ने बताया कि इस रूट से सियालदह तक वंदे भारत का परिचालन होने से यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा कम समय में वंदे भारत ट्रेन किऊल होकर सियालदह पहुंचेगी। इस खंड पर रेल ट्रैक पर ट्रेनों का स्पीड 130 किमी है। इससे कम समय में यात्री सहरसा-मुंगेर से सियालदह तक यात्रा कर पूरी कर सकेंगे।
ट्रेन संख्या 22309-10 संभावित संशोधित समय सारिणी
हावड़ा से सुबह 7.45 बजे चलेगी। बाेलपुर शांति निकेतन 9.13 बजे, रामपुरहाट स्टेशन 10 बजे, दुमका 11.05, नौनिहाट 11.32, हसंडिहा 11.50, मंदारहिल 12.12, बाराहाट 12.30, भागलपुर 1.15 बजे और जमालपुर 2.15 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह जमालपुर से वंदे भारत 3.30 बजे चलेगी। भागलपुर 4.22, बाराहाट 5.02, मंदारहिल 5.16, हंसडिहा 5.38, नौनिहाट 5.53, दुमका 6.25, रामपुर हाट 7.18, बोलपुर शांति निकेतन 7.56 और हावड़ा 10.05 बजे पहुंचेगी।
यहां बता दें कि हावड़ा जोन मुख्यालय ने वंदे भारत को भागलपुर से सुबह में खोले जाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। अभी इस पर निर्णय नहीं हुआ है। वर्तमान में वंदे भारत पुराने समय पर ही चल रही है।


