पलामू: झारखंड में रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. रेल मंत्रालय ने पुरुलिया से आनंद विहार के लिए एक नई ट्रेन की घोषणा की है. यह ट्रेन रांची-डाल्टनगंज-अयोध्या धाम-लखनऊ होते हुए दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक जाएगी. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम को पत्र लिखकर नई ट्रेन के बारे में जानकारी दी है.
पलामू सांसद ने लोकसभा में पलामू को लखनऊ से जोड़ने के लिए एक नई ट्रेन की मांग की थी और कई बार केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात भी की थी. जिसके बाद पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम की पहल पर नई ट्रेन शुरू की जा रही है.
पुरुलिया-आनंद विहार ट्रेन हफ्ते में एक बार चलेगी. यह रांची-लोहरदगा-टोरी, अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए आनंद विहार जाएगी. पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने नई ट्रेन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया और कहा कि इस ट्रेन से पलामू क्षेत्र के लोगों को बहुत फायदा होगा.
ट्रेन के शुरू होने से पीजीआई जाने वाले बीमार लोगों को सुविधा मिलेगी, साथ ही वाराणसी और अयोध्या धाम दर्शन करने जाने वालों को भी फायदा होगा. जल्द ही इस ट्रेन का परिचालन शुरू होगा. पलामू इलाके से लंबे समय से लखनऊ के लिए ट्रेन की मांग हो रही थी.


