धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा ने गुरुवार को कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को तेजी से सुधार कार्य पूरे करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही यात्रियों की समस्याओं पर भी चर्चा की.
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर नए प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य, फुट ओवरब्रिज और बुकिंग काउंटर की प्रगति का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से कुछ देर जरूर हुई है लेकिन भविष्य को ध्यान में रखते हुए डिजाइन में सुधार किए गए हैं.
‘कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का निर्माण और फुट ओवरब्रिज का काम जल्दी पूरा होगा. हम यात्रियों की उच्चतम सुविधाओं पर फोकस कर रहे हैं’: अखिलेश मिश्रा, डीआरएम
इस दौरान डीआरएम मिश्रा ने रेलवे पुलिसकर्मियों के बैरक का निरीक्षण भी किया. उन्होंने बैरक की साफ-सफाई और सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए.
स्टेशन परिसर के बाहर जाम की समस्या
स्टेशन परिसर के बाहर जाम की समस्या पर डीआरएम ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे परिसर के अंदर व्यवस्था करना उनका दायित्व है लेकिन बाहर की सड़क और ट्रैफिक की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है. रेलवे परिसर की व्यवस्था हमारी जिम्मेदारी है लेकिन बाहर लगने वाले जाम के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार है.
दूसरे छोर को जोड़ने वाला ओवरब्रिज नहीं हुआ अप्रूव
वहीं डीआरएम ने यह भी जानकारी दी कि स्टेशन के दूसरे छोर को जोड़ने वाले ओवरब्रिज का नया डिजाइन फिलहाल अप्रूव नहीं हुआ है और इस पर जल्द फैसला लिया जाएगा. डीआरएम ने कतरास स्टेशन पर नई ट्रेनों के ठहराव के संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा कि पहले से एक ही प्लेटफॉर्म है, दो अन्य प्लेटफॉर्म का निर्माण कार्य चल रहा है.
उन्होंने आगे कहा कि पैसेंजर फिटनेस मिलने के बाद इस दिशा में और कदम आगे बढ़ाए जाएंगे. हालांकि, तत्काल एक्सेस बढ़ाने से यात्रियों को असुविधा हो सकती है और चल रहे प्रगति कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना है लेकिन स्थानीय यात्रियों की कनेक्टिविटी के लिए यह एक बड़ी राहत साबित हो सकती है. इससे कतरास स्टेशन के विकास और आसपास के क्षेत्र में यात्रR सुविधाओं को मजबूती मिलेगी. स्थानीय निवासियों के लिए यह एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है.


