नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा के दहेज हत्या मामले में अब पुलिस ने मृतक महिला के जेठ और ससुर को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया, “मृतका की बहन ने मुकदमा कायम करवाया था. सभी 4 नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पहले पति की गिरफ्तारी हुई थी, उसके बाद सास, ससुर और जेठ की भी गिरफ्तारी हो चुकी है. तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग की तरफ से मामले पर संज्ञान लिया गया था. इसे लेकर आयोग की तरफ से एक्स पर पोस्ट किया गया, आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर सभी आरोपी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कानून के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई, पीड़िता के परिजनों/गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने पुलिस महानिदेशक से तीन दिन के अंदर डिटेल एक्शन रिपोर्ट देने को कहा है.
यह है मामला: बता दें कि ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र स्थित सिरसा गांव में 21 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में महिला के जलने का मामला सामने आया था. इलाज के दौरान महिला की दिल्ली में मौत हो गई थी. इसे लेकर महिला के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आग लगाकर महिला की हत्या करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था. साथ ही थाने में प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी.
चारों की हुई गिरफ्तारी: घटना की जांच शुरू होते हुए मृतक महिला के ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए थे. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई. इस दौरान मृतक महिला के पति को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया. इसके बाद लगातार पुलिस की तरफ से अन्य नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की गई और मैन्युअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना की सहायता से आरोपी ससुर सतवीर, जेठ रोहित और सास को गिरफ्तार कर लिया गया. अब तक इस मामले में पति सहित कुल चार लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है
एनकाउंटर में आरोपी घायल: एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी पति को एनकाउंटर में पैर में गोली लगी. पुलिस को हत्या में इस्तेमाल केमिकल की रिकवरी करनी थी, जिसके लिए उसे मौका-ए-वारदात पर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान सिरसा चौराहे के पास आरोपी पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने लगा. जब पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी. हालांकि, जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया. इसके बाद आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
35 लाख रुपये की मांग की थी: मृतक महिला के पिता भिखारी सिंह ने बताया था कि उनकी बेटी की शादी साल 2016 में सिरसा गांव में हुई थी. शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी सहित अन्य सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल वाले 35 लाख रुपये की मांग करने लगे थे, जिसके लिए वे बेटी को काफी प्रताड़ित करते थे. मांग पूरी करने के लिए एक और बाइक दे दी, फिर भी प्रताड़ना करते रहे. आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसपर मृतक महिला के पिता ने कहा कि हम पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं और हमें उम्मीद है कि अदालत हमें न्याय देगी. वे राक्षस हैं, जिन्होंने मेरी बेटी को जलाया.


