राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बिहार कैडर के IAS 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और आमजन की आसान पहुंच सुनिश्चित करने की सलाह दी।
पटना : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2024 बैच के बिहार कैडर के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शनिवार को बिहार लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को जनता के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करना चाहिए। स्पष्ट लक्ष्य तय कर उसे निर्धारित समय-सीमा में हासिल करने के लिए ठोस योजना बनानी जरूरी है।
प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आमजन की अधिकारियों तक पहुंच सहज और सरल होनी चाहिए। जितनी आसानी से लोग अधिकारियों तक पहुंचेंगे, उतनी ही उनकी कार्यकुशलता और सफलता बढ़ेगी।
राज्यपाल ने कहा कि हर व्यक्ति में क्षमता निहित होती है, जिसे पहचानना एक अच्छे नेतृत्वकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को अच्छाइयों का सम्मान करने और परामर्श की भावना विकसित करने की सलाह दी। कहा कि सामूहिक विचार-विमर्श से बेहतर परिणाम मिलते हैं।
उन्होंने पूर्ववर्ती अधिकारियों के कार्यों के प्रति सम्मान बनाए रखने और उनकी उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए अपने उत्तराधिकारियों के लिए मजबूत आधार छोड़ने पर भी बल दिया।
विश्वसनीयता और संवेदनशीलता अनिवार्य गुण
साथ ही कहा कि उच्च विश्वसनीयता और संवेदनशीलता किसी भी अधिकारी के अनिवार्य गुण हैं। राज्यपाल ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से राज्य को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी अपने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए।
इससे कार्यक्रम संवादपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


