Thursday, July 2, 2026

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपा.

Share

रांची: मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोकभवन में स्वयं गणना प्रपत्र भरकर एवं उस पर हस्ताक्षर कर रांची विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-16 के बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) मंजू कच्छप को सौंपा. इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) सह अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत उपस्थित रहे.

इस मौके पर राज्यपाल ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से आह्वान किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जब बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) उनके घर गणना प्रपत्र लेकर आएं, तो वे उसे तत्काल भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके.

राज्यपाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इस महत्वपूर्ण अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके समर्पित प्रयासों से राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज किया जा सकेगा.

SIR In Jharkhand
SIR In Jharkhand

30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाएंगे बीएलओ

मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत राज्य के 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 236 वोटरों की जांच होगी. प्रत्येक वोटर के लिए दो-दो इन्म्यूरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें हस्ताक्षर कर वोटर बीएलओ को सौंपेंगे. 29 जुलाई तक चलनेवाले इन्म्यूरेशन के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक वोटर से संपर्क करेंगे. इन्मूरेशन फॉर्म में पिछले एसआईआर में दर्ज वोटर की जानकारी जिक्र करना अनिवार्य होगा और उसपर हस्ताक्षर कर बीएलओ को हर वोटर सौंपेंगे.

SIR In Jharkhand

सीएम हेमंत सोरेन ने भी भरा एसआईआर गणना प्रपत्र

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी आज एसआईआर गणना प्रपत्र अपने आवासीय कार्यालय में भरा. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर बीएलओ के समक्ष जमा किया. मौके पर मुख्यमंत्री ने झारखंड के सभी पात्र मतदाताओं से तय समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नम्बर-290 की बीएलओ ने एन्यूमरेशन फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी की.

कल्पना सोरेन ने भरा एन्यूमरेशन फॉर्म

मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरें तथा मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित कराएं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है. मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है.

मुख्यमंत्री की जनता से अपील

मुख्यमंत्री ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता एसआईआर अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी महती भूमिका निभाएं तथा अपने परिवार, आसपास, पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित होकर एसआईआर प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें. इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम, रांची धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित थे.

SIR In Jharkhand

Read more

Local News