राज्य में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे और धुंध बनी रहेगी। 15 से 17 मार्च के दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
पटना। राज्य में अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही बने होने के साथ धुंध जैसी स्थिति बनी रहेगी।
15 से 17 मार्च के दौरान बादल छाए रहने के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
इस दौरान प्रदेश के उत्तरी और दक्षिण भागों के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार के अनुसार राज्य में नमी युक्त हवा का प्रवाह जारी है। दिन में धूप और नमी युक्त हवा के कारण उमस का प्रभाव बना हुआ है।
अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के ज्यादातर भागों में बादल छाए रहने के साथ किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया और अररिया जिले में तेज हवा के साथ छिटपुट वर्षा के आसार है।
गुरुवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस के साथ 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर के भभुआ में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान नालंदा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, मधेपुरा, शेखपुरा एवं पटना के दनियांवा में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई।
नालंदा के नगर नौसा में सर्वाधिक वर्षा 36.4 मिमी एवं पटना के दनियांवा में 5.6 वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का न्यूनतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री बढ़ोतरी के साथ 24.4 डिग्री सेल्सियस इस सीजन का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया
प्रमुख शहरों में दर्ज हुई वर्षा
नालंदा के बिहारशरीफ में 26.6 मिमी, सिलाव में 17.4 मिमी, नूरसराय में 10.2 मिमी, पूर्वी चंपारण के सुगौली में 8.4 मिमी, पूर्णिया के बैसी में 6.8 मिमी, सहरसा में 6.2 मिमी एवं शेखपुरा में 5.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 34.3 | 24.4 |
| गयाजी | 34.8 | 21.8 |
| भागलपुर | 32.0 | 22.0 |
| मुजफ्फरपुर | 30.6 | 24.5 |


