Friday, June 26, 2026

राजधानी रांची में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था से लोग परेशान हैं, जहां लगातार कटौती, ट्रांसफार्मर खराब होने और लोकल फॉल्ट की शिकायतें मिल रही हैं।

Share

रांची। राजधानी रांची में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर खराब होने और लोकल फॉल्ट की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि निर्धारित समय से कहीं अधिक देर तक बिजली गुल रह रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को कोकर, सुंदर बिहार, तिरिल, हनुमान नगर और आसपास के बड़े क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

कोकर क्षेत्र में पेड़ गिरने और ग्रिड से जुड़ी लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली प्रभावित रही। लोगों ने आरोप लगाया कि आधे घंटे की आंधी में ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई।

सुरेंद्रनाथ स्कूल के पीछे दीपाटोली में नीलकंठ अपार्टमेंट के सामने बिजली के तार पर पेड़ गिरने से पूरे कोकर क्षेत्र में बिजली दिन में ही ब्लैक आउट हो गया। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी मोटर से पानी भरने में हुई।

वहीं, पेड़ की डालियां हटाने में ही विभाग को 5 घंटे से अधिक समय लग गया। इतना ही नहीं बल्कि शहर में कई जगहों पर बिजली का खंभा भी गिरने के मामले सामने आया है।

इनवर्टर भी दे रहे जवाब

लगातार बिजली कटौती के कारण घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से बैटरियां डिस्चार्ज हो रही हैं। वहीं अधिक लोड बढ़ने के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों का फ्यूज उड़ने और एमसीबी ट्रिप होने की घटनाएं सामने आई हैं।

सिलेंडर की कमी से बढ़ी परेशानी

शहर में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण कई परिवार इंडक्शन चूल्हे का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में बिजली कटौती होने पर खाना बनाना भी मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि बिजली और गैस दोनों की समस्या ने घरेलू व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है।

अपार्टमेंट में भी संकट

बड़े-बड़े अपार्टमेंट में रहने वाले लोग भी बिजली संकट से परेशान हैं। कई भवनों में डीजी सेट का डीजल खत्म हो गया, जिस कारण लिफ्ट बंद हो गई। लोगों को कई मंजिलों तक सीढ़ियां चढ़ने-उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्कूल और कालेज भी प्रभावित

सर्कुलर रोड स्थित रांची वीमेंस कालेज के साइंस ब्लाक के पास ट्रांसफार्मर खराब होने से दो दिनों तक कई विभागों में बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं विद्यार्थियों और शिक्षकों को अंधेरे में काम करना पड़ा। दूसरी ओर रातभर बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई और सुबह स्कूल जाने की तैयारी भी प्रभावित हुई।

अधिकारियों की सफाई और लोगों की मांग

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने, एमसीबी ट्रिप करने और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं के कारण आपूर्ति बाधित हुई। कोकर सरना टोली महावीर नगर क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए ट्राली ट्रांसफार्मर मंगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

वहीं बहु बाजार, दीपाटोली और अन्य इलाकों से भी शिकायतें लगातार मिल रही हैं। शहरवासियों का कहना है कि बार-बार की बिजली कटौती से राहत दिलाने के लिए विभाग को स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि हर मौसम में बिजली व्यवस्था बनी रहे।

Read more

Local News