रांचीः राजधानी रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमरांव शूटिंग रेंज में आयोजित तीसरी रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई.
3 दिवसीय प्रतियोगिता में रांची जिला के 250 से अधिक निशानेबाजों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में आइजी प्रभात कुमार और आइजी अनूप बिरथरे ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को सम्मानित किया.
इस चैंपियनशिप में अभिषेक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर स्टैंडिंग राइफल स्पर्धा में स्वर्ण और 50 मीटर राइफल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की. बालिका वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मन्नत कुमारी टॉप स्कोरर रहीं और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं 10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग में कीरत सिंह और रौनक राज ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
अन्य स्पर्धाओं में 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल इवेंट में टेन एक्स राइफल क्लब के राज शेखर मंडल ने स्वर्ण, एकलव्य शूटिंग क्लब के हर्ष राज ने रजत तथा दिवनिमेश ने कांस्य पदक जीता. 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट में जेएसएसपीएस के द्वेद नाथ शाहदेव ने स्वर्ण, टेन एक्स के राज शेखर ने रजत और प्रियांशु ने कांस्य पदक हासिल किया. समारोह में झारखंड राइफल शूटिंग एसोसिएशन के सचिव उत्तम चंद, रांची जिला राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार सहित कई खेल पदाधिकारी मौजूद रहे.

इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बीच खिलाड़ियों ने शूटिंग रेंज की बदहाल स्थिति पर भी गंभीर चिंता जताई. खिलाड़ियों का कहना है कि बारिश के दौरान रेंज की छत से पानी टपकता है, फर्श कई जगह से क्षतिग्रस्त है, प्लाईवुड उखड़ चुके हैं और तकनीकी उपकरणों का बड़ा हिस्सा खराब पड़ा है. उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में बेहतर अभ्यास प्रभावित हो रहा है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तो दूर, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन कराना भी मुश्किल हो गया है. खिलाड़ियों ने सरकार और संबंधित विभाग से शूटिंग रेंज के जल्द जीर्णोद्धार और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता के उद्घाटन के दिन राज्य के वित्त मंत्री ने भी शूटिंग रेंज की बदहाली पर नाराजगी जताई थी. खिलाड़ियों को उम्मीद है कि अब रेंज के आधुनिकीकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.



