राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि बिहार को नया बनाना है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर वह भटकेगी तो उन्हें आईना दिखाएंगे। तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेगी।
पटना। विधानसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेम कुमार के आसन ग्रहण करने के उपरांत सदन को संबोधित करते हुए महागठबंधन विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने संसदीय लोकतंत्र की गरिमा और विपक्ष की सजग भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हम यहां केवल रस्म अदायगी के लिए नहीं, बल्कि बिहार को अव्वल राज्य बनाने के संकल्प के साथ आए हैं।
तेजस्वी यादव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को ज्ञान और मोक्ष की धरती (गया) से आने का स्मरण कराते हुए कहा कि आसन से उम्मीद है कि नियमावली के तहत निष्पक्ष होकर चलेंगे। सत्ता पक्ष तो संख्या बल में है, इसलिए आसन को विपक्ष के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि लोकतंत्र का संतुलन बना रहे
तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष सरकार का ही अंग होता है। हमारा किसी से व्यक्तिगत विद्वेष या दुश्मनी नहीं है, लेकिन अगर सरकार जनहित से भटकेगी या कोई गलती करेगी, तो विपक्ष उसे आईना दिखाने का काम पूरी मजबूती से करेगा। तेजस्वी ने सदन में अपने संकल्प को दोहराया कि हमारा एक ही उद्देश्य है, नया बिहार बनाना। ऐसा बिहार जो बेरोजगारी, पलायन और गरीबी से मुक्त हो।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के विकास के लिए विपक्ष हर सकारात्मक कदम पर सहयोग करेगा, लेकिन जनता के हक की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वस्थ रहने की भी कामना की।
तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन एक जिम्मेदार और धारदार विपक्ष की भूमिका निभाएगा। सरकार यह मुगालते में न रहे कि विपक्ष कमजोर है। बिहार की 14 करोड़ जनता की उम्मीदें तेजस्वी के साथ खड़ी है।


