Ranchi: झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के संचालन और रखरखाव को मजबूत करने के उद्देश्य से ₹20 करोड़ की राशि मंजूर की है। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह धनराशि स्मार्ट सिटी से जुड़े विभिन्न आवश्यक कार्यों और सेवाओं पर खर्च की जाएगी।
सरकार की ओर से स्वीकृत राशि को तीन प्रमुख मदों में उपयोग करने का निर्णय लिया गया है। इनमें स्ट्रीट लाइट एवं ट्रैफिक सिग्नल का संचालन, स्मार्ट सिटी की आधारभूत संरचना से संबंधित भुगतान तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के संचालन एवं रखरखाव का कार्य शामिल है।
स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए ₹2 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। इस राशि से स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट (ABD) क्षेत्र में स्थापित स्ट्रीट लाइटों के संचालन के साथ-साथ ट्रैफिक सिग्नल और निगरानी कैमरों के बिजली संबंधी खर्च का वहन किया जाएगा।
वहीं, इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट वर्क (IIDW) के तहत ₹8 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। विभाग के अनुसार, यह भुगतान परियोजना से जुड़े अनुबंध के अनुरूप अतिरिक्त लागत, विशेषकर जीएसटी दरों में बदलाव से उत्पन्न वित्तीय प्रभाव को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
सबसे बड़ा आवंटन ₹10 करोड़ का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (C4) के संचालन और रखरखाव के लिए किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाला पूर्व अनुदान निर्धारित अवधि तक ही उपलब्ध था। अब इसके बाद होने वाला खर्च राज्य सरकार अपने स्तर पर वहन करेगी।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वीकृत राशि निर्धारित उद्देश्य के लिए ही उपयोग की जाएगी और सभी व्यय सामान्य वित्तीय नियम (GFR) 2017 के प्रावधानों के अनुरूप होंगे। साथ ही इस फंड का उपयोग स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन के प्रशासनिक खर्चों या अन्य गैर-स्वीकृत कार्यों में नहीं किया जा सकेगा।
